उत्तर पश्चिम रेलवे के डॉ. के. कृष्ण कुमार बने रेलवे बोर्ड में महानिदेशक, रेलवे स्वास्थ्य सेवा
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार रेलवे बोर्ड में महानिदेशक, रेलवे स्वास्थ्य सेवा का पद संभालेंगे। जानिए उनके कार्यकाल, उपलब्धियों और महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़ी पूरी जानकारी।

तस्वीर में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा और डॉ. के. कृष्ण कुमार एक पौधे का गमला पकड़े हुए कार्यालय में नजर आ रहे हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरव का अवसर है। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार भारतीय रेल के सर्वोच्च प्रशासनिक स्तर पर रेलवे बोर्ड में महानिदेशक, रेलवे स्वास्थ्य सेवा (डीजी- रेलवे हेल्थ सर्विसेज) के प्रतिष्ठित पद का कार्यभार संभालेंगे। उनकी यह नियुक्ति उत्कृष्ट कार्यशैली, दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पित सेवाओं का सम्मान मानी जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने डॉ. के. कृष्ण कुमार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मूल रूप से केरल के पालघाट जिले के भारतीय रेलवे स्वास्थ्य सेवा 1990 बैच के अधिकारी डॉ. के. कृष्ण कुमार ने 26 अगस्त 1991 को रेल सेवा ज्वाइन की थी। उन्होंने सहायक चिकित्सा मंडल अधिकारी/भावनगर, मंडल चिकित्सा अधिकारी/भावनगर, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी/भावनगर, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा निदेशक/वडोदरा, मुख्य चिकित्सा निदेशक/वडोदरा और मुख्य स्वास्थ्य निदेशक/पश्चिम रेलवे जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/वडोदरा के पद पर रहते हुए डॉ. के. कृष्ण कुमार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की कुशलता शील्ड तीन बार प्रदान की गई। कोविड-19 के समय उत्कृष्ट कार्य के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया था।
डॉ. के. कृष्ण कुमार ने उत्तर पश्चिम रेलवे पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक का कार्यभार 25 अगस्त 2025 को ग्रहण किया था। लगभग एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने चिकित्सा विभाग में कई उपलब्धियां और कीर्तिमान स्थापित किए। इनमें लैब का एनएबीएल एक्रीडिटेशन, सेंट्रल हॉस्पिटल में आरोग्यं कैफे एवं ओपीडी फार्मेसी की शुरुआत तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों पर कुल 6 क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट की नियुक्ति प्रमुख रूप से शामिल हैं।
डॉ. कृष्ण कुमार के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे के चिकित्सा विभाग में अनेक नवाचार अपनाए गए, जिनका लाभ हजारों रेल कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके परिजनों को मिला।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. के. कृष्ण कुमार को उज्जवल भविष्य तथा स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रेलवे स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनकी नई जिम्मेदारी को उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

