मुंबई। कठाणा में आयोजित एक भव्य समारोह के माध्यम से वासद–कठाणा खंड पर डेमू ट्रेन सेवा का पुनः उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आणंद के सांसद मितेषभाई पटेल और गुजरात सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी ने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा को शुरू किया। समारोह में वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, प्रेस एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह के पश्चात कठाणा से वासद तक डेमू ट्रेन की विशेष सेवा परिचालित की गई। 8 दिसंबर 2025 से यह ट्रेन अपनी नियमित सेवा के रूप में कठाणा और वडोदरा के बीच दौड़ रही है। सांसद मितेषभाई पटेल ने वर्षों बाद जनता की मांग पर इस सेवा की पुनः शुरुआत पर खुशी व्यक्त की और इसे स्थानीय निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देशन में इस सेवा को साकार करने के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में ट्रेन के स्टॉपेज बढ़ाने तथा इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने की भी मांग उठाई।

मंत्री रमणभाई सोलंकी ने बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद से इस सेवा को पुनः चलाने की मांग सोशल मीडिया पर भी जोरशोर से उठी थी। उन्होंने कहा कि कठाणा और आस-पास के क्षेत्रों के युवाओं और नागरिकों को रोजगार और शिक्षा के लिए वडोदरा तक सहज परिवहन उपलब्ध कराने में यह डेमू सेवा महत्वपूर्ण योगदान देगी।

वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने मुख्य अतिथियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देशन में केवल चार महीनों में इस कठिन कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में कठाणा से वडोदरा का सफ़र लगभग चार घंटे में पूरा होता है, जिसे भविष्य में और कम करने का प्रयास किया जाएगा।

इस पुनः शुरुआत से क्षेत्रीय यात्री परिवहन में सुविधा बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए शिक्षा, रोजगार और व्यापार की संभावनाओं में सुधार होगा। डेमू सेवा का यह उद्घाटन क्षेत्रवासियों के लंबे समय से चले आ रहे सपनों को साकार करने का प्रतीक बन गया है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story