छोटा उदेपुर–धार रेल परियोजना: डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड तक नई रेल लाइन तैयार
16 किमी लंबे इस खंड के निर्माण से प्रतापनगर तक यात्री ट्रेन सेवा का रास्ता साफ हो गया है, जिससे गुजरात और एमपी के बीच आवागमन आसान होगा।

छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना के तहत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड स्टेशन तक 16 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण पूरा हो गया है। इसके साथ ही टाण्डा रोड से प्रतापनगर रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है और जल्द ही इस खंड पर नई रेल सेवा का परिचालन किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अंतर्गत चल रही इस परियोजना के तहत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड स्टेशन तक नई रेल लाइन बिछाई गई है। इस उपलब्धि के बाद टाण्डा रोड और प्रतापनगर के बीच यात्री रेल सेवा शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जल्द ही इस खंड पर नई रेल सेवा का परिचालन किया जाएगा।
नई रेल लाइन परियोजना आदिवासी एवं दूरदराज के क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गुजरात के छोटा उदेपुर से मध्य प्रदेश के धार तक 157 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना दोनों राज्यों के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
157 किलोमीटर लंबी छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना का लगभग 72.3 किलोमीटर हिस्सा मध्य प्रदेश राज्य में है। मध्य प्रदेश में यह रेल लाइन छोटा उदेपुर, अलीराजपुर और धार जिलों से होकर गुजरेगी। धार जिले में परियोजना की लगभग 68 किलोमीटर लंबाई होगी। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹1,447.26 करोड़ है और इसे दिसंबर 2027 तक पूर्ण/कमीशन करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस रेल परियोजना से वडोदरा (गुजरात) और इंदौर (मध्य प्रदेश) के बीच संपर्क बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही अलीराजपुर एवं धार जैसे आदिवासी और दूरदराज के क्षेत्रों को देश के व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। परियोजना के अंतर्गत जोबट–टाण्डा रोड के बीच 28 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण भी पूर्ण किया गया है। लगभग ₹334 करोड़ की लागत से निर्मित यह रेल लाइन गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी तथा क्षेत्र के आदिवासी एवं दूरदराज के इलाकों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क के और करीब लाएगी।
नई रेल लाइन के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आवागमन का अधिक सुविधाजनक एवं सुगम साधन मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र के कृषि उत्पाद, स्थानीय उपज एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन को बेहतर गति मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार एवं अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। इस तरह छोटा उदेपुर–धार रेल परियोजना क्षेत्रीय संपर्क के साथ आदिवासी और ग्रामीण इलाकों को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
