टाण्डा रोड स्टेशन तक पहुंची रेल लाइन, प्रतापनगर से जल्द शुरू होगी नई रेल सेवा
छोटा उदेपुर–धार रेल परियोजना के तहत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड तक 16 किमी रेल लाइन तैयार हो गई है। टाण्डा रोड-प्रतापनगर के बीच जल्द नई रेल सेवा शुरू होगी, जिससे गुजरात-मध्य प्रदेश रेल संपर्क मजबूत होगा।

छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना के तहत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड स्टेशन तक 16 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण पूरा हो गया है। इसके साथ ही टाण्डा रोड से प्रतापनगर रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है और जल्द ही इस खंड पर नई रेल सेवा का परिचालन किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अंतर्गत छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना का कार्य प्रगति पर है। हाल ही में परियोजना के अंतर्गत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड स्टेशन तक 16 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। इस रेल लाइन के टाण्डा रोड तक पहुंचने से टाण्डा रोड और प्रतापनगर के बीच यात्री रेल सेवा शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
यह नई रेल लाइन परियोजना आदिवासी एवं दूरदराज के क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गुजरात के छोटा उदेपुर से मध्य प्रदेश के धार तक 157 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना गुजरात और मध्य प्रदेश के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
157 किलोमीटर लंबी छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना का लगभग 72.3 किलोमीटर हिस्सा मध्य प्रदेश राज्य में है। मध्य प्रदेश में यह रेल लाइन छोटा उदेपुर, अलीराजपुर और धार जिलों से होकर गुजरेगी। धार जिले में परियोजना की लगभग 68 किलोमीटर लंबाई होगी। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹1,447.26 करोड़ है और इसे दिसंबर 2027 तक पूर्ण/कमीशन करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस रेल परियोजना से वडोदरा (गुजरात) और इंदौर (मध्य प्रदेश) के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही अलीराजपुर एवं धार जैसे आदिवासी और दूरदराज के क्षेत्रों को देश के व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना के अंतर्गत जोबट–टाण्डा रोड के बीच 28 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण भी पूर्ण किया गया है। लगभग ₹334 करोड़ की लागत से निर्मित यह रेल लाइन गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी तथा क्षेत्र के आदिवासी एवं दूरदराज के इलाकों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क के और करीब लाएगी।
नई रेल लाइन के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आवागमन का अधिक सुविधाजनक एवं सुगम साधन उपलब्ध होगा। इसके अलावा क्षेत्र के कृषि उत्पाद, स्थानीय उपज एवं अन्य वस्तुओं के परिवहन को बेहतर गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार एवं अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है। टाण्डा रोड तक रेल लाइन का पहुंचना इस परियोजना के अगले चरण में यात्री रेल सेवा शुरू करने के लिए अहम प्रगति के रूप में सामने आया है।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
