चांदखेड़ा रोड-साबरमती ब्रॉड गेज Y-कनेक्टिविटी लाइन का सफल निरीक्षण
रेल संरक्षा आयुक्त ने साबरमती 'डी' केबिन बाईपास परियोजना का निरीक्षण किया, जिससे सौराष्ट्र और उत्तर भारत की ट्रेनों का परिचालन सुगम होगा और समय की बचत होगी।

पश्चिम सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास (मध्य), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप गुप्ता और अहमदाबाद डीआरएम वेद प्रकाश बुधवार को चांदखेड़ा रोड-साबरमती नई लाइन के निरीक्षण के दौरान मोटर ट्रॉली पर सवार होकर सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में चांदखेड़ा रोड–साबरमती ‘डी’ केबिन इंटरसेक्शन की नई ब्रॉड गेज Y-कनेक्टिविटी लाइन का बुधवार, 07 मई 2026 को रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा सफलतापूर्वक संरक्षा निरीक्षण किया गया। करीब 1 किलोमीटर लंबी इस नई लाइन का निरीक्षण पश्चिम सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोटर ट्रॉली के माध्यम से पूरी लाइन का विस्तृत परीक्षण करते हुए संरक्षा व्यवस्था और परिचालन क्षमता का आकलन किया। इस सेक्शन पर स्पीड ट्रायल भी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता, अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश सहित निर्माण एवं ओपन लाइन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नई Y-कनेक्टिविटी लाइन की तकनीकी व्यवस्थाओं, ट्रैक संरचना और परिचालन तैयारियों का निरीक्षण किया।
साबरमती ‘डी’ केबिन बाईपास परियोजना को पश्चिम रेलवे नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस नई कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा लाभ उत्तर एवं पूर्वी भारत से आने-जाने वाली ट्रेनों, विशेषकर सौराष्ट्र क्षेत्र की ट्रेनों, को मिलेगा। अब इन ट्रेनों को व्यस्त साबरमती ‘डी’ केबिन क्षेत्र में प्रवेश किए बिना वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। इससे ट्रेनों की आवाजाही अधिक तेज और निर्बाध होगी तथा यात्रियों के यात्रा समय में भी कमी आएगी।
परियोजना के तहत लोको रिवर्सल की आवश्यकता समाप्त होने से साबरमती लाइन पर अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। वहीं चांदखेड़ा रोड बाईपास के जरिए ट्रैफिक डायवर्ट होने से अहमदाबाद (कालूपुर) और साबरमती स्टेशनों पर ट्रेनों का दबाव कम होगा, जिससे रेल परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई Y-कनेक्टिविटी भविष्य में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए भी सहायक सिद्ध होगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी। बेहतर रेल संपर्क के कारण चांदखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों तथा रियल एस्टेट विकास को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे अहमदाबाद की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नई ब्रॉड गेज Y-कनेक्टिविटी लाइन भारतीय रेलवे को एक वैकल्पिक और सुगम परिचालन मार्ग प्रदान करेगी। इसके जरिए पश्चिम रेलवे नेटवर्क में यात्री सुविधाओं और रेल संचालन की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
