लोनावला-कर्जत मार्ग पर भूस्खलन: रेलवे ने 14 ट्रेनें की रद्द, कई ट्रेनों के मार्ग बदले
लोनावला-कर्जत रेल मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन ने रेल परिचालन को पूरी तरह से ठप कर दिया है। मध्य रेलवे ने 14 ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही दर्जनों ट्रेनों के रूट और समय में बड़े बदलाव किए हैं। जानें आपकी ट्रेन पर इसका क्या असर पड़ा है।

मध्य रेलवे के लोनावला-कर्जत खंड के बीच ठाकुरवाड़ी केबिन और मंकी हिल केबिन के पास हुई भूस्खलन की घटना के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते 7 जुलाई 2026 तक रेल परिचालन में भारी बदलाव किए गए हैं। मध्य रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि एक ट्रेन को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। इसके अलावा, 13 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन, 5 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और 5 ट्रेनों को शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। साथ ही 8 ट्रेनों को उनके निर्धारित समय से देर से रवाना किया गया है।
रद्द की गई ट्रेनों में 6 जुलाई को चलने वाली 11092 पुणे-भुज एक्सप्रेस और 7 जुलाई को चलने वाली 12169 पुणे-सोलापुर इंटरसिटी, 12170 सोलापुर-पुणे इंटरसिटी, 22106 पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस, 12128 पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी, 11008 पुणे-सीएसएमटी दक्कन एक्सप्रेस, 12123 सीएसएमटी-पुणे दक्कन क्वीन एक्सप्रेस, 12126 पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस, 12125 सीएसएमटी-पुणे प्रगति एक्सप्रेस, 11009 सीएसएमटी-पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस, 11011 सीएसएमटी-धुले एक्सप्रेस, 11012 धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस और 11028 सतारा-दादर एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं 8 जुलाई की 11091 भुज-पुणे एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। 11029 सीएसएमटी-कोल्हापुर एक्सप्रेस को सीएसएमटी और खडकी के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जो खडकी से अपने निर्धारित समय पर चलेगी।
यातायात प्रभावित होने के कारण 22160 चेन्नई-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 09029 वेलंकनी-दहानु रोड स्पेशल, 17614 नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, 14805 यशवंतपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस, 11014 कोयंबटूर-एलटीटी एक्सप्रेस, 12164 चेन्नई-एलटीटी एक्सप्रेस, 16340 नागरकोइल-एलटीटी एक्सप्रेस, 11018 कराईकल-एलटीटी एक्सप्रेस, 22159 सीएसएमटी-चेन्नई एक्सप्रेस, 22732 सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, 17613 पनवेल-नांदेड़ एक्सप्रेस, 22943 दौंड-इंदौर एक्सप्रेस और 00150 कामाख्या-खडकी भारत गौरव स्पेशल का मार्ग बदला गया है। 17317 हुबली-दादर एक्सप्रेस, 22731 हैदराबाद-सीएसएमटी एक्सप्रेस, 22226 सोलापुर-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, 17614 नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस और 11302 बेंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को पुणे या इगतपुरी में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। दूसरी ओर, 17318 दादर-हुबली एक्सप्रेस, 12701 सीएसएमटी-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, 22225 सीएसएमटी-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 17613 पनवेल-नांदेड़ एक्सप्रेस और 11301 सीएसएमटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस को संबंधित स्टेशनों से शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। इन गंभीर बाधाओं के बीच 20706 सीएसएमटी-नांदेड़, 22943 दौंड-इंदौर, 12263 पुणे-हजरत निजामुद्दीन, 11019 सीएसएमटी-भुवनेश्वर, 22157 सीएसएमटी-चेन्नई एगमोर, 20476 मिरज-बीकानेर, 18520 एलटीटी-विशाखापत्तनम और 11301 सीएसएमटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस को पुनर्निर्धारित किया गया है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने इस स्थिति की जानकारी देते हुए यात्रियों से असुविधा के लिए संयम बनाए रखने का आग्रह किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
