मध्य रेल की टिकट जांच शाखा की कर्मचारी श्रीमती वृशाली सावंत जाधव, हेड टिकट कलेक्टर, डोंबिवली ने अपनी सूझबूझ, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक घायल महिला यात्री की जान बचाने में सराहनीय भूमिका निभाई। 05 अगस्त 2026 को ड्यूटी के दौरान डोंबिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 5 पर उन्होंने देखा कि ट्रेन से उतरने के बाद 23 वर्षीय महिला यात्री सुश्री पूजा प्लेटफॉर्म पर गिर गईं। भीड़भाड़ के कारण उनके पीछे उतर रहे अन्य यात्री भी उन पर गिर पड़े, जिससे वह घायल हो गईं और स्वयं खड़ी होने की स्थिति में नहीं रहीं।

घटना को देखते ही श्रीमती वृशाली सावंत जाधव तुरंत महिला यात्री की सहायता के लिए पहुंचीं। उन्होंने सहायता के लिए स्टेशन उद्घोषक से लाइसेंसधारी हमाल की व्यवस्था करने को कहा, लेकिन घायल यात्री की गंभीर स्थिति और तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने असाधारण मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।

कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्रीमती जाधव ने हमाल के आने की प्रतीक्षा किए बिना घायल महिला यात्री को स्वयं अपनी गोद में उठाया और तुरंत स्टेशन प्रबंधक के कार्यालय तक पहुंचाया। वहां से घायल यात्री को तत्काल आगे के उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।

मध्य रेल ने श्रीमती वृशाली सावंत जाधव की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनके समय पर किए गए हस्तक्षेप से घायल यात्री को शीघ्र उपचार मिल सका। साथ ही मध्य रेल ने सभी यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतें तथा पहले उतरने वाले यात्रियों को उतरने दें।

मध्य रेल ने यात्री सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि ऐसे अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों का समर्पित कार्य सराहनीय है, जो अपने कर्तव्य से बढ़कर यात्रियों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह प्रेस विज्ञप्ति 05 अगस्त 2026 को पीआर क्रमांक 2026/08/09 के तहत डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story