मध्य रेल ने गैर-किराया राजस्व में कमाया रिकॉर्ड ₹20.48 करोड़ का मुनाफा
मध्य रेलवे ने परिसंपत्तियों के वाणिज्यिक उपयोग और ई-नीलामी के जरिए पिछले वर्ष की तुलना में 16.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।

तस्वीर में एक भारतीय रेलगाड़ी प्लेटफार्म के पास रेलवे ट्रैक पर आगे बढ़ती हुई दिखाई दे रही है, जिसमें आगे की तरफ WAP-4 इलेक्ट्रिक इंजन लगा हुआ है।
मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मई 2026 तक ₹20.48 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में अर्जित ₹17.54 करोड़ की तुलना में 16.78 प्रतिशत अधिक है। मध्य रेल की परिसंपत्तियों के वाणिज्यिक उपयोग और नवोन्मेषी राजस्व सृजन रणनीति का यह परिणाम माना जा रहा है।
मई 2026 के दौरान ई-नीलामी के माध्यम से 29 अनुबंध प्रदान किए गए, जिनसे कुल ₹409.72 लाख का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा। यह मध्य रेल द्वारा अपनी परिसंपत्तियों के प्रभावी, सतत और व्यावसायिक उपयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
मोबाइल एसेट विज्ञापन के अंतर्गत मुंबई मंडल ने गाड़ी संख्या 22177 महानगरी एक्सप्रेस पर पूर्ण बाह्य विनाइल रैपिंग तथा आंतरिक विज्ञापन माध्यमों के लिए पांच वर्षों की अवधि हेतु ₹13.22 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध प्रदान किया। गाड़ी संख्या 11007/08 डेक्कन एक्सप्रेस तथा 12051/52 जनशताब्दी एक्सप्रेस पर विज्ञापन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹12.50 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध दिया गया। गाड़ी संख्या 22107/08 सीएसएमटी-लातूर-सीएसएमटी एक्सप्रेस एवं 22143/44 सीएसएमटी-बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस पर विज्ञापन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹6.55 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 22229/22230 सीएसएमटी-मडगांव-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयर कार कोचों की हेडरेस्ट पर विज्ञापन प्रदर्शन के लिए तीन वर्षों हेतु ₹16.83 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध दिया गया।
आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन के अंतर्गत मुंबई मंडल ने नवी मुंबई एयरपोर्ट रोड पर तीन नए होर्डिंग्स के लिए पांच वर्षों हेतु ₹1.32 करोड़ प्रतिवर्ष तथा मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड पर एक होर्डिंग के लिए पांच वर्षों हेतु ₹17.10 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध प्रदान किया। रेलवे डिस्प्ले नेटवर्क (RDN) के तहत मुंबई मंडल के तारघर स्टेशन पर गैर-डिजिटल ग्लो साइन बोर्ड के लिए तीन वर्षों हेतु ₹6.00 लाख प्रतिवर्ष तथा नागपुर मंडल के धामनगांव स्टेशन पर साइन बोर्ड के लिए तीन वर्षों हेतु ₹1.36 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध प्रदान किया गया।
अन्य प्रमुख गैर-किराया राजस्व पहलों के अंतर्गत मुंबई मंडल ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) में रेल कोच रेस्तरां के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹48.09 लाख प्रतिवर्ष, न्यू मुलुंड गुड्स डिपो एवं कलंबोली में प्रतीक्षालय-सह-कैंटीन सुविधा के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹3.32 लाख प्रतिवर्ष तथा वसिंद में किराना एवं फोटोकॉपी केंद्र के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹5.50 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए। ट्रॉम्बे (महुल) में प्रतीक्षालय-सह-कैंटीन सुविधा के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹1.65 लाख प्रतिवर्ष तथा ठाणे में बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹5.26 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध भी प्रदान किया गया।
भुसावल मंडल ने भुसावल-नासिक रोड खंड पर विविध वस्तुओं की ऑन-बोर्ड बिक्री के लिए तीन वर्षों हेतु ₹45.73 लाख प्रतिवर्ष, अकोला में रेल कोच रेस्तरां के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹9.78 लाख प्रतिवर्ष, खंडवा में किराना स्टोर के संचालन के लिए तीन वर्षों हेतु ₹1.56 लाख प्रतिवर्ष तथा नासिक रोड एवं भुसावल स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग कियोस्क के संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹3.40 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए। देवलाली में रिटायरिंग रूम के प्रबंधन एवं संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹0.22 लाख प्रतिवर्ष का अनुबंध भी दिया गया।
नागपुर मंडल ने न्यू बल्हारशाह मालगोदाम में रिक्त BOXN रेकों की सफाई के लिए छह माह की अवधि हेतु ₹31.87 लाख प्रतिवर्ष, मकरधोखड़ा में डोर क्लोजिंग एवं रिक्त वैगनों की सफाई के लिए दो वर्षों हेतु ₹31.52 लाख प्रतिवर्ष, अमला एवं बल्हारशाह में मोबाइल फूड वैन संचालन के लिए पांच वर्षों हेतु ₹8.76 लाख प्रतिवर्ष तथा अजनी पार्सल कार्यालय में दोपहिया वाहन पैकिंग सुविधा के लिए तीन वर्षों हेतु ₹2.42 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध प्रदान किए। इसके अतिरिक्त बैतूल मालगोदाम में ट्रक पार्किंग सह स्टैकिंग सुविधा के लिए तीन वर्षों हेतु ₹2.12 लाख प्रतिवर्ष, बल्हारशाह में डिजिटल लॉकर सुविधा के लिए तीन वर्षों हेतु ₹1.10 लाख प्रतिवर्ष, वर्धा में मिनी जलपान इकाई सहित प्रतीक्षालय रखरखाव के लिए तीन वर्षों हेतु ₹1.15 लाख प्रतिवर्ष तथा चंद्रपुर में किराना एवं फोटोकॉपी केंद्र संचालन के लिए तीन वर्षों हेतु ₹0.71 लाख प्रतिवर्ष के अनुबंध भी प्रदान किए गए।
मध्य रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेल परिचालन की मूल गतिविधियों को प्रभावित किए बिना अतिरिक्त राजस्व अर्जित करने के उद्देश्य से नवोन्मेषी गैर-किराया राजस्व योजनाओं के माध्यम से अपनी परिसंपत्तियों का प्रभावी एवं सतत उपयोग कर रहा है।
यह प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 28 जून 2026 को प्रेस विज्ञप्ति संख्या 2026/06/55 के तहत डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
