मध्य रेल ने मुंबई में घोषित किया 10 दिनों का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक
आंबिवली और टिटवाला स्टेशनों के बीच रोड ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के कारण 21 से 30 मई तक प्रभावित रहेगा रेल परिचालन, कई ट्रेनें की गईं रेगुलेट।

मध्य रेल द्वारा आंबिवली और टिटवाला स्टेशनों के बीच रोड ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए 21 मई से 30 मई 2026 तक रोजाना रात में विशेष ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित होंगी।
मध्य रेल ने आंबिवली और टिटवाला स्टेशनों के बीच रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के नॉन-स्टैंडर स्टील कंपोजिट गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए 10 दिनों का विशेष ट्रैफिक एवं पॉवर ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक 21/22 मई 2026 की गुरुवार/शुक्रवार रात्रि से 30/31 मई 2026 की शनिवार/रविवार रात्रि तक प्रतिदिन 01:55 बजे से 03:25 बजे के बीच लागू रहेगा।
यह कार्य एनएचएई द्वारा 350 मीट्रिक टन क्षमता वाली रोड क्रेन की सहायता से अप और डाउन लाइनों पर किया जाएगा। ब्लॉक टिटवाला और शहद स्टेशनों के बीच, प्लेटफॉर्म क्षेत्र को छोड़कर, परिचालित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कार्य आरओबी निर्माण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिसके चलते रेल परिचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
ब्लॉक अवधि के दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रेगुलेट किया जाएगा। ट्रेन संख्या 01026 बलिया-दादर स्पेशल और 01028 गोरखपुर-दादर स्पेशल को खडवली स्टेशन पर 02:20 बजे से 03:30 बजे तक रोका जाएगा। ट्रेन संख्या 22104 अयोध्या कैंट-एलटीटी एक्सप्रेस, 15181 मऊ जंक्शन-एलटीटी एक्सप्रेस तथा 12102 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस को वाशिंद स्टेशन पर 02:30 बजे से 03:30 बजे तक रेगुलेट किया जाएगा।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस को असंगांव स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:25 बजे तक तथा 12810 हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस को अटगांव स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:25 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 12132 साईनगर शिर्डी-दादर एक्सप्रेस और 11032 अलीपुर द्वार जंक्शन-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस को खर्डी स्टेशन पर 02:40 बजे से 03:20 बजे तक रेगुलेट किया जाएगा। वहीं ट्रेन संख्या 20104 भटनी जंक्शन-पनवेल एक्सप्रेस को कसारा स्टेशन पर 02:45 बजे से 03:15 बजे तक रोका जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन संख्या 11002 बल्लहारशाह-सीएसएमटी एक्सप्रेस तथा 11203 नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस भी ब्लॉक अवधि के दौरान 10 से 15 मिनट तक विलंबित हो सकती हैं। इसके अतिरिक्त, यदि कोई विलंबित मेल, एक्सप्रेस या हॉलिडे स्पेशल ट्रेन इस अवधि में संचालित होती है तो उसे भी परिचालन आवश्यकताओं के अनुसार रेगुलेट किया जाएगा।
मध्य रेल ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। यह प्रेस विज्ञप्ति 20 मई 2026 को प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/05/30 के तहत जारी की गई। विज्ञप्ति डॉ. स्वप्नील निला द्वारा, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से जारी की गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
