मध्य रेल के मोबाइल यूटीएस सहायकों ने जारी किए 3.86 लाख टिकट
इस पहल से मध्य रेल को 6.89 करोड़ रुपये का राजस्व मिला और लंबी कतारों में खड़े बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में कमी आई है।

मुंबई में मध्य रेल द्वारा शुरू की गई मोबाइल यूटीएस सहायक पहल के माध्यम से यात्रियों को उनके स्थान पर ही तत्काल टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुंबई। मध्य रेल ने यात्रियों को टिकट सुविधा में आसान, त्वरित और प्रभावी विकल्प प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोबाइल यूटीएस सहायकों की पहल को सफलतापूर्वक लागू किया है। इस पहल के तहत 31 अक्टूबर 2025 से 30 अप्रैल 2026 के बीच 5.40 लाख यात्रियों को सुविधा प्रदान की गई और 3.86 लाख टिकट जारी किए गए, जिससे 6.89 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।
मध्य रेल ने इस सुविधा का शुभारंभ 31.10.2025 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर किया था। प्रारंभिक चरण में टिकट खरीदने के लिए प्रतीक्षारत यात्रियों की सहायता हेतु 3 मोबाइल यूटीएस सहायकों को तैनात किया गया। ग्रीष्म ऋतु में यात्रियों की संभावित भीड़ और इस पहल को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए जनवरी 2026 में 5 और सहायकों की नियुक्ति की गई, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर 8 हो गई।
इस अवधि के दौरान मोबाइल यूटीएस सहायकों ने रेलवे परिसर में कॉनकोर्स, वेटिंग एरिया और अन्य स्थानों पर यात्रियों के पास जाकर टिकट किराया प्राप्त कर तत्काल टिकट जारी किए। इन सहायकों को मोबाइल फोन और छोटी टिकट प्रिंटिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। वैकल्पिक रूप से, उन्हें काउंटर के भीतर बैठकर टिकट जारी करने की भी अनुमति दी गई है। यात्रियों को डिजिटल और नकद दोनों प्रकार के भुगतान का विकल्प प्रदान किया गया।
अप्रैल 2026 के आंकड़े इस पहल की प्रभावशीलता को और स्पष्ट करते हैं, जहां केवल एक महीने में 1.72 लाख यात्रियों को 1.25 लाख टिकट जारी किए गए और 2.22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मध्य रेल की इस व्यवस्था से न केवल टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और तेज हुई है, बल्कि बिना टिकट यात्रा पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। मौके पर ही टिकट उपलब्ध होने से लंबी कतारों और भीड़भाड़ के कारण बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है।
यह पहल यात्रियों के लिए सुविधाजनक, समय बचाने वाली और आधुनिक तकनीक आधारित समाधान के रूप में उभरी है। मध्य रेल द्वारा यात्रियों को इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
यह प्रेस विज्ञप्ति डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा दिनांक 6 मई 2026 को जारी की गई है। प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक 2026/05/06।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
