मुंबई। पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य के तहत मध्य रेल ने 29/30 नवंबर 2026 से 06/07 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मध्यरात्रि विशेष पावर और ट्रैफिक ब्लॉक संचालित करने का निर्णय लिया है। ये ब्लॉक हर रात 1.50 बजे से सुबह 4.05 बजे तक रहेंगे। इस दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें नियंत्रित, पुनर्निर्धारित और परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। वहीं, 28/29 नवंबर की रात के लिए निर्धारित ब्लॉक रद्द कर दिया गया है।

मध्य रेल के मुंबई मंडल के अनुसार, पनवेल-कलंबोली कोचिंग कॉम्प्लेक्स से संबंधित बाधाओं को दूर करने के लिए ये विशेष ब्लॉक लिए जा रहे हैं। ब्लॉक के दायरे में अप एवं डाउन कर्जत लाइन, दिवा-वसई-रोहा-पनवेल सेक्शन की लाइनें, जसई लाइनें और पनवेल स्टेशन शामिल रहेंगे।

नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स के विकास के तहत नियोजित ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के माध्यम से आधारभूत संरचना में सुधार का काम किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने और चालू होने के बाद पनवेल में बेहतर कोचिंग सुविधाएं, ट्रेनों के रखरखाव की उन्नत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हालांकि, परियोजना का पूरा परिचालन लाभ संपूर्ण कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण और उसे चालू किए जाने के बाद ही मिल सकेगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 28/29 नवंबर 2026 की रात के लिए निर्धारित ब्लॉक रद्द कर दिया गया है। हालांकि, 29 नवंबर 2026 की ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से सुबह 4.00 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी।

29/30 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि यानी रविवार-सोमवार को ब्लॉक के कारण तीन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें नियंत्रित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 22193 दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पोयांजे (म्होपे) स्टेशन पर 45 मिनट, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमाटने स्टेशन पर 10 मिनट रोका जाएगा।

30 नवंबर 2026 और 1 दिसंबर 2026 की मध्यरात्रि यानी सोमवार-मंगलवार को ट्रेन संख्या 22114 तिरुवनंतपुरम-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आपटा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमाटने स्टेशन पर 10 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा, 1 दिसंबर 2026 की ट्रेन संख्या 11099 एलटीटी-मडगांव एक्सप्रेस को एलटीटी से सुबह 4.00 बजे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना किया जाएगा।

1/2 दिसंबर 2026 की मध्यरात्रि यानी मंगलवार-बुधवार को ट्रेन संख्या 22149 एर्नाकुलम-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आपटा स्टेशन पर 2 घंटे, ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-सीएसएमटी एक्सप्रेस को जीते स्टेशन पर 1 घंटे और ट्रेन संख्या 20112 मडगांव-सीएसएमटी कोंकण कन्या एक्सप्रेस को सोमाटने स्टेशन पर 10 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

इसी अवधि में ट्रेन संख्या 11304 सोलापुर-एलटीटी एक्सप्रेस को कर्जत-कल्याण-ठाणे मार्ग से परिवर्तित कर चलाया जाएगा। इस ट्रेन को कल्याण स्टेशन पर ठहराव भी दिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, 2/3 दिसंबर 2026 से 6/7 दिसंबर 2026 तक के ब्लॉक के कारण मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।

मध्य रेल ने बताया कि ये ब्लॉक आधारभूत संरचना के रखरखाव और रेल परिचालन की सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं। रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनसे सहयोग करने की अपील की है।

Next Story