मुंबई, 11 नवम्बर।

केंद्रीय रेलवे ने आज एक दूरदर्शी, कर्मठ और प्रेरणादायक नेतृत्वकर्ता को खो दिया। केंद्रीय रेलवे के महाप्रबंधक श्री विजय कुमार का आज प्रातः निधन हो गया। उनके निधन से भारतीय रेल परिवार सहित समूचे प्रशासनिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

श्री विजय कुमार ने 1 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय रेलवे के महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभाला था। वे भारतीय रेलवे सेवा के यांत्रिक अभियंता (IRSME) के 1988 बैच के अधिकारी थे। अपने 35 वर्षों से अधिक के दीर्घ और गौरवशाली करियर में उन्होंने भारतीय रेल के विभिन्न जोनों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से संगठन में विशिष्ट पहचान बनाई।

केंद्रीय रेलवे में पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) के महाप्रबंधक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वे उत्तर पश्चिम रेलवे, रेलवे बोर्ड, उत्तरी रेलवे और अनुसंधान, डिजाइन एवं मानक संगठन (RDSO) में भी अपनी दूरदर्शिता और तकनीकी दक्षता से नवाचार व गुणवत्ता सुधार में अहम भूमिका निभा चुके थे।

विजय कुमार अपने परिणाममुखी नेतृत्व, कार्यकुशलता और आधुनिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने केंद्रीय रेलवे को सुरक्षा, यात्री सुविधा, स्थायित्व और क्षमता विस्तार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया था। उनका लक्ष्य भारतीय रेल को ‘विकसित भारत 2047’ के विजन और ‘मेक इन इंडिया’ मिशन के अनुरूप आगे बढ़ाना था।

मानवीय संवेदनाओं से पूर्ण, सरल और सुलभ व्यक्तित्व के धनी विजय कुमार कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सदैव सजग रहे। उनकी कार्यशैली में अनुशासन और आत्मीयता का अद्भुत संतुलन देखने को मिलता था।

केंद्रीय रेलवे ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री विजय कुमार का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। वे न केवल एक दक्ष प्रशासक थे, बल्कि एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व भी थे, जिनकी कमी भारतीय रेल परिवार को लंबे समय तक महसूस होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story