मध्य रेल के 9 कर्मचारी सम्मानित, सतर्कता से टले बड़े रेल हादसे
महाव्यवस्थापक राजीव श्रीवास्तव ने ड्यूटी के दौरान यात्रियों की जान बचाने और बड़ी तकनीकी खामियों का पता लगाने वाले मध्य रेल के नौ कर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया।

मध्य रेल के 9 कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई ने संभावित रेल हादसों को टालने में अहम भूमिका निभाई। ड्यूटी के दौरान यात्रियों की जान बचाने, रेलवे ट्रैक पर खतरनाक स्थिति की सूचना देने और रेल उपकरणों में गंभीर खामियों का पता लगाने वाले इन कर्मचारियों को 12 अक्टूबर 2026 को महाव्यवस्थापक राजीव श्रीवास्तव ने ‘संरक्षा पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया। इन कर्मचारियों की तत्परता से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों तथा रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।
प्रत्येक संरक्षा पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति पत्र, उत्कृष्ट संरक्षा कार्य का विवरण देने वाला लेख और नकद पुरस्कार शामिल है। सम्मानित कर्मचारियों में मुंबई मंडल के चार, नागपुर मंडल के दो तथा सोलापुर, भुसावल और पुणे मंडल के एक-एक कर्मचारी शामिल हैं।
मुंबई मंडल के वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर राजू किसन राठोड, कल्याण, को 29 अगस्त 2026 को ड्यूटी के दौरान दिखाई गई तत्परता के लिए सम्मानित किया गया। ठाणे-अंबरनाथ उपनगरीय रेल मार्ग पर ड्यूटी करते समय किलोमीटर 58/10 पर उन्हें पड़ोसी ट्रैक से गुजर रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस से एक यात्री गिरता दिखाई दिया। उन्होंने अपनी ट्रेन रोककर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और उसे अंबरनाथ स्टेशन पर सुपुर्द किया। उनकी त्वरित कार्रवाई से यात्री की जान बचाने में मदद मिली।
मुंबई मंडल के पनवेल में तैनात वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर सचिन जी. तळेकर ने 9 सितंबर 2026 को ड्यूटी के दौरान ‘एनसीआर 11627’ वैगन के ‘साइड बेयरर कप’ को टूटा हुआ पाया। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उनकी समय पर दी गई जानकारी संभावित दुर्घटना को रोकने में सहायक बनी।
दिवा में तैनात टीटीई जानू जालमसिंह वळवी ने 20 सितंबर 2026 को चिंचपोकली पैदल पुल का ‘क्रॉस-ब्रेसिंग’ ओवरहेड उपकरणों पर लटका हुआ देखा। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिससे संभावित हादसे को टालने में मदद मिली।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई में सी एंड डब्ल्यू विभाग के फिटर-I विकास कुमार दास ने 5 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 12101 की गहन जांच के दौरान सीबीसी कपलिंग के हेड के अंदर बेहद बारीक दरार (हेयरलाइन क्रैक) का पता लगाया। उन्होंने समय रहते इसकी जानकारी दी और तत्परता से कार्रवाई की, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
नागपुर मंडल के चिकनी रोड में तैनात पॉइंट्समैन धीरज कुमार गुप्ता ने 30 जुलाई 2026 को स्टेशन गेट संख्या 25सी (टीएफसी), 16/24 पर ड्यूटी के दौरान देखा कि एक मकान की दीवार तीसरी लाइन के ट्रैक पर गिर गई है। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। समय पर मिली जानकारी से संभावित दुर्घटना को रोकने में मदद मिली।
नागपुर मंडल के बोरखेड़ी में तैनात पॉइंट्समैन अविनाश कुमार ने 3 अगस्त 2026 को लाइन संख्या 1 पर मालगाड़ी की जांच के दौरान गंभीर तकनीकी खामी देखी। उन्होंने पाया कि ट्रेन संख्या जेएनपीटी/42433 में इंजन से 22वें बीएलसीएबी वैगन की अगली बोगी का व्हील फ्लैंज (पहिए का किनारा) रेलहेड (पटरी का ऊपरी हिस्सा) से ऊपर उठा हुआ था। उन्होंने तत्काल ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मैनेजर और ट्रेन मैनेजर को इसकी सूचना दी, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
सोलापुर मंडल के लोको पायलट (मेल) ए. एम. गुरव ने 10 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 18520 चलाते समय सोलापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर पटरियों पर लकड़ी के गुटके रखे हुए देखे। उन्होंने तुरंत ट्रेन रोककर संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद पटरियों से लकड़ी के गुटकों को हटाया गया और संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया।
भुसावल मंडल के तकनीशियन-I कैलास बाळू सुरळकर को 27 अगस्त 2026 को किए गए संरक्षा संबंधी कार्य के लिए सम्मानित किया गया। रखरखाव के दौरान उन्होंने ‘इंद्रायणी मेमू’ रैक की सीआर 218149 ट्रेन में ट्रैक्शन मोटर का इंसुलेशन रेजिस्टेंस (रोध) निर्धारित सीमा से काफी कम पाया। उनकी समय पर दी गई सूचना से उपकरण में संभावित बड़ी खराबी को रोकने में मदद मिली।
पुणे मंडल के दौंड में तैनात कांस्टेबल निजाम शेख हसन मिया शेख ने 31 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 10:55 बजे दौंड रेलवे स्टेशन पर सतर्कता दिखाई। प्लेटफॉर्म संख्या 03 से ट्रेन संख्या 12169 के रवाना होने के दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग यात्री को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हुए फिसलकर गिरते देखा। उन्होंने तुरंत यात्री को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसकी जान पर मंडरा रहा खतरा टाल दिया।
इस अवसर पर मध्य रेल के अपर महाव्यवस्थापक अनूप कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद सहित अन्य प्रधान विभाग प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मध्य रेल के इन नौ कर्मचारियों को दिया गया सम्मान ड्यूटी के दौरान उनकी सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समय पर की गई कार्रवाई की पहचान है, जिसने यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन में संभावित जोखिमों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
