मध्य रेल मुख्यालय, मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में 16 सितंबर 2026 को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 194वीं बैठक आयोजित हुई। सुबह 11 बजे हुई बैठक की अध्यक्षता मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने की। बैठक में अपर महाप्रबंधक श्री प्रतीक गोस्वामी, सभी विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, मुख्य कारखाना प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

बैठक की कार्यवाही शुरू होने से पहले महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने मुख्यालय राजभाषा विभाग की मध्य रेल की त्रैमासिक ई-पत्रिका ‘रेल सुरभि–अंक 47’ का विमोचन किया।

इसके बाद उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. विभावरी गोरे ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और बैठक की रूपरेखा संक्षेप में प्रस्तुत की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रभात कुमार ने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के माध्यम से पिछली तिमाही में अलग-अलग कार्यालयों में राजभाषा के क्षेत्र में हुई प्रगति का जायजा लिया जाता है। उन्होंने मध्य रेल पर राजभाषा के प्रयोग और प्रसार को बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों से अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने का अनुरोध किया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

बैठक के अध्यक्ष एवं मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को राज्य सरकार की तरह राजभाषा में कार्य करने का सुझाव दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में अधिकाधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कहा कि वर्तमान युग में कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करना बहुत सुगम हुआ है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी ई-टूल्स की सहायता से किए जाने वाले कार्य, जैसे नोटिंग, पत्राचार और मानक फार्म आदि हिंदी में करने का प्रयास करें।

बैठक के अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) श्रीमती दीपा मंदयान ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस प्रकार मध्य रेल मुख्यालय में आयोजित 194वीं क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग और उसके प्रसार को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story