राजस्थान और गुजरात के निवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में जल्द ही बीकानेर और साबरमती के बीच नई एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद को राजस्थान के बीकानेर से जोड़ते हुए दोनों राज्यों के बीच सीधा और तीव्र रेल संपर्क स्थापित करेगी। इस दैनिक ट्रेन सेवा के प्रारंभ होने से पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा वर्ग को विशेष रूप से लाभ मिलेगा।





यह नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम भारत के दो प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्रों के मध्य एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगी। यात्रा मार्ग में ट्रेन का ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इस मार्ग के माध्यम से यह ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा के साथ-साथ राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को आपस में जोड़ेगी।

इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रीय विकास, आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। हाल ही में रेल मंत्री द्वारा जोधपुर से विभिन्न रेल सेवाओं की शुरुआत, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार और जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स के शुभारंभ के बाद, यह नई सेवा राजस्थान के रेल नेटवर्क को और अधिक सशक्त बनाएगी। बीकानेर और साबरमती के मध्य दैनिक कनेक्टिविटी का यह निर्णय दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक और पर्यटन संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ ही यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story