भुसावल मंडल: टिकट चेकिंग में 81.28 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व, डीआरएम ने कर्मियों को किया सम्मानित
वित्तीय वर्ष 2025-26 में भुसावल मंडल ने 9.63 लाख मामलों से सर्वाधिक आय अर्जित कर मध्य रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त किया; 10 कर्मचारियों ने व्यक्तिगत रूप से 1 करोड़ का लक्ष्य छुआ।

भुसावल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री पुनीत अग्रवाल, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट जांच कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान करते हुए।
मध्य रेलवे भुसावल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री पुनीत अग्रवाल के गतिशील मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अजय कुमार के सक्रिय नेतृत्व में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित रूप से विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जाते हैं। भुसावल मंडल ने टिकट जांच के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए मध्य रेलवे में नए मानक स्थापित किए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऐतिहासिक उपलब्धियां
वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल ने ₹81.28 करोड़ की अब तक की सर्वाधिक टिकट जांच आय अर्जित की, जो वर्ष 2022-23 में प्राप्त ₹71.06 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। साथ ही, 9.63 लाख प्रकरणों का पता लगाकर मंडल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन में 10 टिकट जांच कर्मचारियों ने व्यक्तिगत रूप से ₹1 करोड़ की आय का लक्ष्य प्राप्त किया, जो उनकी निष्ठा एवं दक्षता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि भुसावल मंडल ने मध्य रेलवे में राजस्व संग्रहण के मामले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिससे इसकी नेतृत्व क्षमता और अधिक सुदृढ़ हुई है।
राजस्व के साथ मानवीय सेवा और बहादुरी का संगम
उल्लेखनीय वित्तीय उपलब्धियों के अतिरिक्त, भुसावल मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान असाधारण साहस, सतर्कता तथा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। राजस्व के साथ-साथ कर्मचारियों ने बहादुरी, बाल संरक्षण और यात्रियों की सहायता में भी सराहनीय योगदान दिया। इन उपलब्धियों के सम्मान में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री पुनीत अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (प्रशासन) श्री सुनील कुमार सुमन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अजय कुमार एवं एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक (तिकीट चेकिंग) उपस्थित रहे। कर्मचारियों को सर्वश्रेष्ठ टिकट जांच, बहादुरी, बाल संरक्षण एवं उत्कृष्ट कार्य जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक का संबोधन
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री पुनीत अग्रवाल ने कहा कि "भुसावल मंडल के कर्मचारियों ने अपनी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण से न केवल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि की है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता को भी सुदृढ़ किया है। यह उपलब्धि पूरे मंडल के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देती है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
