भारी वर्षा के मौसम से पहले रेल और सड़क यातायात को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए मध्य रेलवे के भुसावल मंडल ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री पुनीत अग्रवाल ने मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण जल निकासी एवं सुरक्षा संबंधी स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अजंता स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस), निंभोरा गेट पर निर्मित लिमिटेड हाइट सबवे, सावदा लिमिटेड हाइट सबवे तथा दुसखेड़ा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का दौरा किया। उन्होंने मानसून के दौरान संभावित भारी वर्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकासी व्यवस्था, संरचनात्मक सुरक्षा, जलभराव रोकथाम के उपायों और रेल एवं सड़क संपर्क को सुचारु बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की।

श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जल निकासी तंत्रों को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखा जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की परिचालन बाधा को रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

अपने दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने निंभोरा स्टेशन और निकटवर्ती लिमिटेड हाइट सबवे के बीच रेलपथ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक रखरखाव एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का आकलन किया तथा ट्रैकमैन (की-मैन) से संवाद कर पथ सुरक्षा, मानसून पेट्रोलिंग और सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने रेलपथ की सुरक्षित और सुचारु स्थिति बनाए रखने में की-मैन की भूमिका की सराहना करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

भुसावल मंडल द्वारा मानसून अवधि के दौरान संरक्षा और परिचालनिक दक्षता बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध रेल सेवाएं उपलब्ध कराना तथा किसी भी संभावित मौसमजनित चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story