भुसावल मंडल में विश्व साइकिल दिवस–2026 के अवसर पर स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से “संडे ऑन साइकिल्स (SoC)” अभियान के अंतर्गत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री पुनीत अग्रवाल, मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती रेखा अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (प्रशासन) श्री प्रवीण कुमार पाठक, अपर मंडल रेल प्रबंधक (तकनीकी) श्री एम. के. मीना, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री चितरेश जोशी, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री रोहित कुमार राजपूत सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला एवं पुरुष खिलाड़ी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

साइकिल रैली का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री चितरेश जोशी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल चलाकर फिटनेस, नियमित व्यायाम और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

इस आयोजन के माध्यम से नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने तथा प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने साइकिल के अधिकाधिक उपयोग को स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भुसावल मंडल द्वारा समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन कर रेल कर्मचारियों और आमजन के बीच फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना बढ़ाने का प्रयास किया जाता रहा है। यह पहल “फिट इंडिया” और “हरित भारत” के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश छोड़ती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story