रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हरी झंडी दिखाकर नई सेवा का उद्घाटन किया, जिससे गुजरात के कई शहरों को दिल्ली से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

कच्छ क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से सीधे एवं सुदृढ़ रेल संपर्क प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत 22 मई 2026 को भुज एवं दिल्ली के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया। गाड़ी संख्या 19403/19404 भुज–दिल्ली–भुज एक्सप्रेस का उद्घाटन माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज़ादी के बाद से भुज–जालोर–पाली क्षेत्र को दिल्ली के साथ सीधी रेल कनेक्टिविटी देने का सपना अब साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि देशभर में 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है, जिसके अंतर्गत गुजरात में 4600 करोड़ रुपये के निवेश से 85 स्टेशनों का विकास किया जा रहा है, जिनमें से 15 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही 24 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों का निर्माण जारी है तथा 14,000 करोड़ रुपये की लागत से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि तारंगा हिल–अंबाजी रेल लाइन का कार्य तेज गति से प्रगति पर है और इसका पहला खंड दिसंबर माह में प्रारंभ किया जाएगा।

रेल मंत्री ने आगे कहा कि वर्तमान में भुज–बरेली साप्ताहिक ट्रेन सेवा संचालित है, जिसमें लगभग 80 प्रतिशत यात्री बरेली एवं उत्तर भारत क्षेत्र से होते हैं। नई भुज–दिल्ली एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन से यात्रियों को अधिक नियमित, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवा प्राप्त होगी। इस सेवा से गुजरात के 6 शहरों तथा अन्य 19 शहरों को दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों, श्रमिकों, हस्तशिल्प कारीगरों, व्यापारियों, उद्योग जगत एवं किसानों को विशेष लाभ होगा। रणोत्सव के दौरान दिल्ली एवं उत्तर भारत के यात्रियों को कच्छ आने के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेल का अभूतपूर्व कायाकल्प हुआ है। उन्होंने अहमदाबाद–धोलेरा सेमी हाई स्पीड रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के अंतर्गत वंदे भारत एवं नमो भारत रैपिड रेल जैसी आधुनिक ट्रेनों ने देश की परिवहन व्यवस्था को नई गति दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई–अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (बुलेट ट्रेन) परियोजना 508 किलोमीटर लंबी है, जिसमें 348 किलोमीटर का निर्माण गुजरात में हो रहा है। वर्ष 2026 के बजट में गुजरात को 17,366 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन प्राप्त हुआ है, जो वर्ष 2014 की तुलना में लगभग 29 गुना अधिक है। राज्य में 1,28,748 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है तथा पिछले 12 वर्षों में गुजरात के सभी रेलवे मार्गों का 100% विद्युतीकरण पूरा किया गया है।

भुज स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में श्री त्रिकमभाई छांगा, माननीय उच्च एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री, गुजरात सरकार एवं माननीय विधायक – अंजार, माननीय सांसद (कच्छ) श्री विनोद एल. चावड़ा, माननीय विधायक (भुज) श्री केशुभाई शिवदास पटेल, श्री प्रद्युम्नसिंह जाडेजा, माननीय विधायक – अबडासा, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

नई दैनिक सेवा गाड़ी संख्या 19403/19404 भुज–दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन भुज से 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से प्रतिदिन दिल्ली से 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर–जयपुर, बांदीकुई, अलवर एवं रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें 2-टियर एसी, 3-टियर एसी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भुज से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई, जिस पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने सकारात्मक विचार एवं आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

नई दैनिक भुज–दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन सेवा कच्छ क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली एक निर्णायक कड़ी साबित होगी, जो क्षेत्रीय संपर्क और राष्ट्रीय एकीकरण को नई दिशा प्रदान करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story