कच्छ क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से सीधे रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में रेल मंत्रालय 22 मई 2026 को ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। पश्चिम रेलवे के भुज स्टेशन और दिल्ली के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ते हुए यात्रियों को तेज, सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध कराएगी।

नई ट्रेन सेवा को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भुज स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में कच्छ सांसद विनोद एल. चावड़ा, भुज विधायक केशुभाई शिवदास पटेल, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय, अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन अवसर पर गाड़ी संख्या 09403 भुज–दिल्ली उद्घाटक स्पेशल 22 मई 2026 को भुज से शाम 4:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर-जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसके बाद नियमित संचालन के तहत गाड़ी संख्या 19403 भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन भुज से सुबह 11:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से प्रतिदिन दिल्ली से शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर-जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर रुकेगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में 2-टियर एसी, 3-टियर एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से कच्छ और दिल्ली के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और यात्रियों को अब ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। दैनिक सेवा से समय की बचत के साथ यात्रा अधिक सुगम होगी।

नई ट्रेन सेवा से कच्छ के हस्तशिल्प, कपड़ा उद्योग और गांधीधाम-भुज क्षेत्र के उद्योगों को दिल्ली, जयपुर और अजमेर जैसे बड़े बाजारों से सीधा जुड़ाव मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। पर्यटन क्षेत्र में भी इस ट्रेन का व्यापक प्रभाव दिखाई देगा। रण उत्सव और कच्छ की सांस्कृतिक विरासत को देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को अब दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार दोनों को गति मिलेगी।

उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली और जयपुर जाने वाले विद्यार्थियों तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए यात्रा करने वाले मरीजों के लिए यह ट्रेन बड़ी राहत साबित होगी। वहीं अजमेर शरीफ, जयपुर और राजस्थान के अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधी और किफायती रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

भुज और दिल्ली के बीच शुरू हो रही यह दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि कच्छ को राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण परिवहन सेतु साबित होगी, जिससे क्षेत्रीय विकास, व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को नई गति मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story