भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा का संचालन, जानिए समय और ठहराव
उत्तर पश्चिम रेलवे 23 मई से भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस शुरू करेगा, यह ट्रेन भीलड़ी-जालोर मार्ग से होकर गुजरेगी और 18 एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा भुज और दिल्ली के बीच प्रतिदिन नई एक्सप्रेस रेल सेवा का परिचालन 23 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा और सुगम रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने भुज से दिल्ली के मध्य एक नई प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा का संचालन वाया भीलड़ी-जालोर मार्ग पर प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। यह नई रेलसेवा दोनों शहरों के बीच की दूरी को और अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ ही मार्ग में आने वाले विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 19403, भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा आगामी 23 मई 2026 से भुज स्टेशन से प्रतिदिन प्रातः 11:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी क्रम में, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 19404, दिल्ली-भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा 24 मई 2026 से दिल्ली से अपराह्न 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 19:35 बजे भुज पहुंचेगी। यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर एवं रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेल प्रशासन द्वारा इस सेवा के लिए अत्याधुनिक एलएचबी कोच की व्यवस्था की गई है। इस रेल सेवा में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें 01 सेकंड एसी, 03 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी, 01 पावर कार एवं 01 गार्ड डिब्बा शामिल है। नई रेलसेवा का यह परिचालन न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगा, बल्कि भुज से दिल्ली तक की यात्रा को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाते हुए रेल नेटवर्क के विस्तार में एक मील का पत्थर साबित होगा।

