पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत कटोसण रोड–राणुज रेलखंड पर रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) श्री ई. श्रीनिवास द्वारा किए जा रहे संरक्षा निरीक्षण के दौरान बेचराजी के विधायक श्री सुखाजी सोमाजी ठाकोर ने मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में रेल सेवाओं की प्रगति के साथ-साथ स्टेशन और रेलवे कॉलोनी में खारे पानी की समस्या भी प्रमुख विषय रही।

संरक्षा निरीक्षण के दूसरे दिन बेचराजी रेलवे स्टेशन पर विधायक श्री सुखाजी सोमाजी ठाकोर ने रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) श्री ई. श्रीनिवास तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने कटोसण रोड–राणुज रेलखंड पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ होने की दिशा में हो रही प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट किया।

स्थानीय नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति के उपरांत इस रेलखंड पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ होने से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को माँ बहुचराजी मंदिर तक अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। विधायक श्री सुखाजी सोमाजी ठाकोर ने भी इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बैठक के बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने बेचराजी रेलवे स्टेशन तथा रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री सुखाजी सोमाजी ठाकोर ने स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनी में खारे पानी की समस्या की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि इस समस्या के कारण रेल यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को दैनिक उपयोग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक श्री ठाकोर ने स्थानीय नगरपालिका के साथ समन्वय स्थापित कर इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। इस पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि स्थानीय नगरपालिका तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडल प्रशासन की प्राथमिकता है तथा समस्या के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान श्री वेद प्रकाश ने रेलवे कॉलोनी में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का भी जायजा लिया। इसके उपरांत रेलवे कॉलोनी परिसर में रेलवे संरक्षा आयुक्त श्री ई. श्रीनिवास एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश द्वारा वृक्षारोपण किया गया। यह निरीक्षण रेल सेवाओं की तैयारी के साथ स्थानीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story