बाड़मेर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प: 16.18 करोड़ से मिलीं अत्याधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे ने बाड़मेर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं, नए एफओबी और बेहतर यात्री परिसरों से सुसज्जित किया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 16.18 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया बाड़मेर रेलवे स्टेशन का आधुनिक मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया।
उत्तर पश्चिम रेलवे का बाड़मेर रेलवे स्टेशन एक महत्त्वपूर्ण स्टेशन है। बाड़मेर में तेल और गैस (मंगला क्षेत्र), ऊर्जा (जेएसडब्ल्यू) और खनिज निष्कर्षण (बेंटोनाइट, जिप्सम, नमक) ने अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा दिया है। औद्योगीकरण बढ़ने के कारण होटल, स्कूल और परिवहन जैसी सेवाओं की मांग में वृद्धि हुई है। रेल यात्रीभार में भी निरंतर वृद्धि हो रही है और वर्तमान मे बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर 28 ट्रेनों का ठहराव दिया गया है, जहां से औसतन 7603 यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली सूरत
रेल यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बाड़मेर रेलवे स्टेशन को लगभग 16.18 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है। बाड़मेर स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक, सुगम व उत्कृष्ट यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। इस पुनर्विकास के पश्चात बाड़मेर स्टेशन न केवल अत्याधुनिक स्वरूप में परिवर्तित होगा, बल्कि यह क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
स्टेशन पर विकसित की गईं विश्वस्तरीय सुविधाएं
स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए पृथक द्वारों सहित आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया तथा भू-दृश्य विकास किया गया है। यहाँ ऑटो, दोपहिया व चारपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों को चढ़ने उतरने के लिए पोर्च एवं दोगुनी ऊंचाई वाला चौड़ा प्रवेश द्वार तैयार किया गया है। स्टेशन परिसर में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक एवं उन्नत प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम व डोरमेट्री की व्यवस्था है। इसके साथ ही नया वीआईपी अतिथि कक्ष एवं स्टेशन अधीक्षक कार्यालय भी बनाया गया है।
सुगम आवागमन और सौंदर्यीकरण पर जोर
यात्रियों की सुविधा के लिए मौजूदा एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) पर लिफ्ट की सुविधा प्रदान की गई है। स्टेशन अग्रभाग का सौंदर्य करण एवं 12 मीटर चौड़ा नया एफओबी, नवीन प्लेटफॉर्म आश्रय (शेल्टर) तथा दिव्यांगजनों हेतु अनुकूल शौचालय ब्लॉक व पेयजल बूथ निर्मित किए गए हैं। बेहतर साइनबोर्ड, स्टेशन पर होर्डिंग्स, स्मारकीय ध्वज एवं उच्च गुणवत्ता वाले फर्नीचर आदि विकास कार्य पूर्ण करवा कर स्टेशन को नया रूप दिया गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
