पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 02133/02134 को नियमित कर नया नंबर 20163/20164 दिया है, जिससे मुंबई और मध्य प्रदेश के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

यात्रियों की सुविधा और बांद्रा टर्मिनस तथा जबलपुर के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 02133/02134 बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा को नियमित कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। यह सेवा अब संशोधित ट्रेन संख्या 20163/20164 बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलेगी।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित संचालन 30 मई 2026 से बांद्रा टर्मिनस से प्रारंभ होगा। वहीं, ट्रेन संख्या 20164 जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन 29 मई 2026 से जबलपुर से शुरू किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को बांद्रा टर्मिनस से 16:30 बजे रवाना होकर अगले दिन 15:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 20164 जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को जबलपुर से 17:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 14:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, उज्जैन, संत हिरदाराम नगर, भोपाल, नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलसेवा में एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास तथा जनरल सेकंड क्लास कोच शामिल किए गए हैं, जिससे विभिन्न श्रेणी के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन संख्या 02133/02134 बांद्रा टर्मिनस–जबलपुर–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल में आरक्षण करा चुके यात्री संशोधित ट्रेन संख्या 20163/20164 का विशेष रूप से संज्ञान लें, क्योंकि निर्धारित तिथियों से यही ट्रेन नए नंबरों के साथ संचालित होगी। ट्रेन के समय, ठहराव और कोच संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं। पश्चिम रेलवे का यह निर्णय मुंबई और मध्यप्रदेश के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story