बांद्रा स्टेशन महोत्सव 2026: 162वीं वर्षगांठ पर विरासत प्रदर्शनी शुरू
कॉफी टेबल बुक, हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी व प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रेड-I हेरिटेज स्टेशन की 162 साल की यात्रा व स्थापत्य कला को जनसहभागिता से जोड़ा गया है।

मुंबई के ऐतिहासिक बांद्रा रेलवे स्टेशन की 162वीं वर्षगांठ के अवसर पर पश्चिम रेलवे ने तीन दिवसीय बांद्रा स्टेशन महोत्सव 2026 का आगाज किया है। 27 से 29 नवम्बर, 2026 तक आयोजित इस महोत्सव में स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत, विशिष्ट स्थापत्य कला और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विशेष आयोजनों के जरिए बांद्रा स्टेशन के ऐतिहासिक सफर को सामने लाने की पहल की गई है।
पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल की ओर से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार, 27 नवम्बर, 2026 को किया गया। उल्लेखनीय है कि 28 नवम्बर, 1864 को बांद्रा उपनगरीय स्टेशन का उद्घाटन हुआ था। इसी ऐतिहासिक अवसर की 162वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अरुण कुमार मीणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री माननीय एड. श्री आशीष शेलार, बांद्रा पूर्व के माननीय विधायक श्री वरुण सरदेसाई तथा मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ रेल अधिकारी भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल के फ्लैग मार्च से हुई।
समारोह के दौरान बांद्रा स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘द स्टेशन दैट मेड हिस्ट्री’ का विमोचन भी किया गया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक और पश्चिम रेलवे की सांस्कृतिक टीम की ओर से संगीतमय कार्यक्रम सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण दुर्लभ अभिलेखीय तस्वीरों से सुसज्जित विशेष हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी है। इसमें बांद्रा स्टेशन के ऐतिहासिक अतीत और वर्षों के दौरान हुए विकास की यात्रा को तस्वीरों के माध्यम से दर्शाया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विरासत, संस्कृति और जनसहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां रखी गई हैं। पहले दिन फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को भी कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा। इस दिन शाम 5:00 बजे आयोजित होने वाला ‘अफ्रीकन आर्ट ऑफ ड्रमिंग’ विशेष आकर्षण होगा, जिसके जरिए दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा। समापन दिवस पर भी विभिन्न सांस्कृतिक और हेरिटेज गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद महोत्सव का समापन समारोह होगा।
जनसहभागिता को बढ़ावा देने और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘बांद्रा स्टेशन’ थीम पर आधारित कला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई हैं। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट तैयार किया गया है, जहां वे महोत्सव के यादगार पलों को कैमरे में कैद कर सकेंगे।
बांद्रा रेलवे स्टेशन मुंबई के सबसे उत्कृष्ट उपनगरीय रेलवे स्टेशनों में शामिल है। इसकी विशिष्ट 19वीं शताब्दी की स्थापत्य शैली और आकर्षक छतों की श्रृंखलाबद्ध संरचना के चलते इसे ग्रेड-I हेरिटेज संरचना के रूप में अधिसूचित किया गया है। पश्चिम रेलवे का उद्देश्य इस महोत्सव के माध्यम से स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व को प्रदर्शित करने के साथ रेलवे की विरासत के प्रति गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना है।
पश्चिम रेलवे ने नागरिकों, रेल प्रेमियों और विद्यार्थियों से इस महोत्सव में भाग लेने की अपील की है। 29 नवम्बर, 2026 तक चलने वाला यह आयोजन बांद्रा स्टेशन की 162 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, स्थापत्य विरासत और सांस्कृतिक पहचान को जनसामान्य के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
