कपूरथला, 18 दिसंबर 2025।

रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC), जालंधर के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कारखाने के टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर में संपन्न हुआ, जहां कर्मचारियों को EPF और ESI जैसी प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

सेमिनार में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स, ठेकेदारों तथा रेल डिब्बा कारखाना के अधिकारियों सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब कारखाने के वरिष्ठ अधिकारी—श्री अभय प्रिया डोगरा (डिप्टी सीएमई/कोऑर्डिनेशन), श्री नीरज कुमार (वर्क्स मैनेजर/फर्निशिंग), श्री रामेश्वर सिंह (प्रिंसिपल/टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर), श्री अतुल कुमार यादव (असिस्टेंट वर्क्स मैनेजर/पेंट) और श्री जगमीत सिंह (चीफ सेफ्टी ऑफिसर)—मौजूद रहे।

कर्मचारी भविष्य निधि योजना पर आयोजित सत्र में EPFO के इंफोर्समेंट अधिकारियों श्री हरचरण सिंह और श्री राजदीप सिंह बरार ने योजना से जुड़े लाभ, नियम और कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। वहीं EPF के तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए श्री पंकज सरपाल ने कर्मचारियों और ठेकेदारों की शंकाओं का समाधान किया।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना पर व्याख्यान ESIC के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री दीपक कुमार ने दिया, जिसमें चिकित्सा सुविधा, बीमा लाभ और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, श्री उत्तम कुमार (एसएसओ, ESIC) ने ठेकेदारों को SPREE योजना के बारे में अवगत कराया और नियोक्ताओं व कर्मचारियों के पंजीकरण से मिलने वाले लाभों को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम का समापन चीफ सेफ्टी ऑफिसर श्री जगमीत सिंह के समापन संबोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में आवश्यक बताया। अंत में टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर के प्रिंसिपल श्री रामेश्वर सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह सेमिनार कर्मचारियों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी और सार्थक कदम साबित हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story