आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर आज उस समय खास नजारा देखने को मिला, जब केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सीधे यात्रियों के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात कर रेल यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से रेलवे की सुविधाओं और सेवाओं को लेकर बातचीत की तथा जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने युवाओं, महिलाओं और बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों से भारतीय रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं के बारे में उनकी राय पूछी। बातचीत के दौरान अधिकांश यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं में लगातार हो रहे सुधार और आधुनिक बदलावों के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी पीठ थपथपाई, वहीं बच्चों के साथ हाथ मिलाकर स्नेह जताया। यात्रियों से सीधे संवाद करने का मुख्य उद्देश्य मौजूदा रेलवे व्यवस्थाओं के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया जानना और यह समझना था कि उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं धरातल पर कितनी प्रभावी साबित हो रही हैं।

स्टेशन के दौरे के दौरान रेल मंत्री आम नागरिक की तरह लोगों के बीच नजर आए। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्थित चाय की दुकान पर पहुंचकर चाय पी और इसके लिए UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान किया। इस तरह यात्रियों से सीधा संवाद करने के साथ ही उन्होंने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए डिजिटल इंडिया की पहल को भी प्रदर्शित किया। आनंद विहार रेलवे स्टेशन का यह निरीक्षण यात्रियों के अनुभवों, रेलवे सुविधाओं की गुणवत्ता और डिजिटल भुगतान को लेकर रेल मंत्री के सीधे जुड़ाव के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story