रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का निर्देश: देशभर में 12 घंटे में बनेंगे रेल सब-वे
रेल पटरियों पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए मिशन मोड में बनेंगे सुगम अंडर ब्रिज, आम जनता को साइकिल और मोटर साइकिल ले जाने में होगी सुविधा।

नई दिल्ली। रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर इन रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज से प्रभावी रोक लगेगी। देशभर में सुविधाजनक सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाने का रेल मंत्री का निर्देश प्राप्त हुआ है जिसके अंतर्गत पटरी के आर पार इन सुगम सब-वे/रोड अंडर ब्रिज का निर्माण मात्र 12 घंटे में किया जा सकेगा।
मिशन मोड में सुरक्षा और कार्यशाला का आयोजन
रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को अब रेलवे मिशन मोड में रोकेगा। सुविधाजनक सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाकर इसे सुनिश्चित किया जाएगा। इसकी व्यापक तैयारियों के रूप में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के लिए एक वर्कशॉप की। जहाँ रेल पटरी के एक तरफ बस्ती है और दूसरी तरफ़ खेत, विद्यालय, श्मशान या अन्य उपयोगी एवं महत्वपूर्ण स्थान, ऐसे स्थानों पर ये रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाए जाएंगे। रेल मंत्री ने देशभर में ऐसी रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज को बनाने का निर्देश दिया, जहाँ अपने रोजमर्रा के जीवन में बड़ी संख्या में लोग पटरियों को पार करते हैं।
जीवनदायी विकल्प और आमजन की सुविधा
रेल मंत्री ने अधिकारियों को ऐसी सुविधाजनक रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाने को कहा जो पटरी पार करने वाले लोगों के लिए एक जीवनदायिनी विकल्प के रूप में उभरे। इन रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज को बनाते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि एक आम आदमी साइकिल, मोटर साइकिल तथा कामकाज से जुड़ी अन्य चीजों को भी अपने साथ ले जा सके। इससे देशभर में पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। देश की एक बड़ी आबादी के लिए भारतीय रेल की ये सब-वे/रोड अंडर ब्रिज वरदान साबित होंगे।
सुगम, सुरक्षित डिज़ाइन और भविष्य का समाधान
रेल मंत्री ने अधिकारियों को देश की इस बड़ी समस्या से अगले 5-6 वर्षों में निजात दिलाने को कहा। ये सब-वे/रोड अंडर ब्रिज इस प्रकार से बनाए जाएंगे ताकि पटरियों के आर पार इनका निर्माण मात्र 12 घंटे में हो सके। रेल मंत्री ने कहा कि, "डिज़ाइन इस प्रकार की हो, ताकि लोगों को इसे इस्तेमाल करने में कोई हिचक न हो। जल भराव से सब-वे/रोड अंडर ब्रिज प्रभावित न हो।" रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाने का यह महत्वपूर्ण निर्णय पिछले कई दिनों से अधिकारियों के साथ चली आ रही मंत्रणा का परिणाम है। रेल मंत्री का मानना है कि, व्यवस्था संवेदनशील हो तथा एक आम आदमी की समस्यों का सभी अधिकारी ऐसा समाधान निकालें जो आने वाले कई दशकों तक प्रभावी रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
