अश्विनी वैष्णव ने रेलवे सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की; एआई आधारित सुधारों के निर्देश
रेल मंत्री ने नई दिल्ली स्टेशन पर एआई कैमरा नेटवर्क, क्यूआर कोड प्रवेश प्रणाली और रेलवन ऐप को भारत टैक्सी से जोड़ने के निर्देश दिए।

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज रेल भवन में वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ एक व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में स्टेशन पर प्रवेश व्यवस्था, यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में एक्सेस कंट्रोल, भीड़ प्रबंधन, तकनीक आधारित निगरानी एवं स्टेशन परिसर में सुगम आवागमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। इन सुधारों को पहले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लागू किया जाएगा तथा इसके अनुभव के आधार पर अन्य स्टेशनों पर भी विस्तार किया जाएगा।
एआई आधारित कैमरा नेटवर्क से 24 घंटे निगरानी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक एआई आधारित कैमरा नेटवर्क स्थापित किया जाएगा, जो प्लेटफॉर्म, कॉनकोर्स, प्रवेश-निकास द्वार एवं संवेदनशील क्षेत्रों सहित पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी करेगा। इसके लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जहां एआई तकनीक के माध्यम से लाइव कैमरा फीड का विश्लेषण कर असामान्य या असुरक्षित घटनाओं की तत्काल सूचना दी जाएगी। मंत्री ने कैमरों को "आंख" और एआई को "मस्तिष्क" बताते हुए सभी क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एआई आधारित कैमरा नेटवर्क से 24x7 निगरानी, यात्रा और स्टेशन अनुभव होगा अधिक सुरक्षित। रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती भी बढ़ाई जाएगी, ताकि केवल वैध टिकटधारी यात्रियों को ही स्टेशन परिसर में प्रवेश मिल सके और मैनुअल जांच के स्थान पर तकनीक आधारित निगरानी को बढ़ावा दिया जा सके।
स्टेशन स्टाफ के लिए रंग-कोडेड यूनिफॉर्म और पहचान पत्र
स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों में एकरूपता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए रंग-कोड आधारित पहचान प्रणाली लागू की जाएगी। रेलवे कर्मचारियों के लिए फ्लोरोसेंट जैकेट अनिवार्य होगी, जबकि गैर-रेलवे कर्मचारी जैसे विक्रेता, स्टेशन सहायकों, संविदा कर्मियों एवं आईआरसीटीसी स्टाफ के लिए अलग रंग की जैकेट निर्धारित की जाएगी। रंग-कोडेड फ्लोरोसेंट जैकेट और अनिवार्य पहचान पत्र से बढ़ेगी जवाबदेही और यात्रियों का विश्वास। सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिनमें आवश्यक विवरण अंकित होंगे। इससे यात्रियों, कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों की पहचान आसानी से हो सकेगी तथा सुरक्षा एवं टिकट जांच कार्य अधिक प्रभावी होगा।
क्यूआर कोड आधारित प्रवेश प्रणाली और भीड़ प्रबंधन
दीपावली एवं छठ के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर क्यूआर कोड आधारित प्रवेश प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इस प्रणाली के माध्यम से केवल वैध टिकटधारी यात्रियों को ही प्रवेश मिलेगा तथा आरक्षित, मासिक सीजन टिकट धारकों एवं अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रबंधन संभव होगा। बैठक में 76 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अनारक्षित यात्रियों के लिए स्टेशन भवन के बाहर निर्धारित होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर नियंत्रित तरीके से प्रवेश सुनिश्चित होगा और भीड़भाड़ की स्थिति में कमी आएगी।
रेलवन ऐप और भारत टैक्सी का एकीकरण
यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप को भारत टैक्सी सेवा के साथ जोड़ा जाएगा। रेलटेल के सहयोग से विकसित यह व्यवस्था स्टेशन के बाहर की भीड़ को कम करेगी तथा यात्रियों को पारदर्शी और विश्वसनीय अंतिम मील परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। भारत टैक्सी देश का पहला सहकारी मॉडल आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जो ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। रेलवन ऐप को भारत टैक्सी से जोड़ा जाएगा, जिससे अंतिम मील कनेक्टिविटी सुगम होगी और स्टेशन के बाहर की भीड़ कम होगी।
सूचना प्रणाली का उन्नयन और सुरक्षा संकल्प
साथ ही, सभी स्टेशनों पर स्पष्ट एवं बड़े संकेतक (साइनज) लगाने तथा यात्रियों को बेहतर जानकारी देने के लिए ट्रेन सूचना प्रणाली को उन्नत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रेल मंत्रालय द्वारा इन व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि यात्रियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान किया जा सके। इन सभी उपायों के माध्यम से भारतीय रेलवे देश के व्यस्ततम स्टेशनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे यात्रियों को स्टेशन प्रवेश से लेकर अंतिम गंतव्य तक सहज यात्रा अनुभव मिल सके

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
