अमृतसर–सीएसएमटी एक्सप्रेस के कोच के नीचे मिला कटा हुआ मानव पैर, जीआरपी ने शुरू की जांच
अमृतसर–सीएसएमटी एक्सप्रेस के कोच एम2 के नीचे मेंटेनेंस के दौरान कटा हुआ मानव पैर मिला। जीआरपी ने पंचनामा कर जांच शुरू की, घटना स्थल की तलाश जारी।

तस्वीर में मुंबई रेलवे यार्ड के पास पटरियों पर खड़ी एक लोकल ट्रेन और उसके आस-पास फैली हरियाली तथा कचरा दिखाई दे रहा है।
अमृतसर–सीएसएमटी एक्सप्रेस (11058 UP) ट्रेन के 17/07/26 को किए जा रहे मेंटेनेंस के दौरान ड्यूटी पर तैनात मेंटेनेंस स्टाफ ने अंडरगियर निरीक्षण के समय कोच एम2 के नीचे एक कटा हुआ मानव शरीर का हिस्सा, जो प्रथम दृष्टया घुटने के नीचे का पैर प्रतीत होता है, फंसा हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मैनेजर के माध्यम से तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सूचित किया गया।
सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद बरामद मानव अंग को आगे की कार्रवाई के लिए सेंट जॉर्ज सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।
प्रारंभिक तौर पर यह मामला मानव के ट्रेन से कटने (Human Run Over) का माना जा रहा है, जिसकी संभावित वजह ट्रेसपासिंग या दुर्घटना हो सकती है। हालांकि मामले की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
अधिकारियों के अनुसार घटना के संभावित स्थान का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच इस संभावना को ध्यान में रखकर की जा रही है कि घटना ट्रेन के प्रारंभिक स्टेशन अमृतसर से गंतव्य छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच किसी स्थान पर हुई हो। संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
