उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में नई शुरुआत करते हुए पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का व्यावसायिक लदान शुरू किया है। रेलवे की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों और ग्राहक-उन्मुख नीतियों के फलस्वरूप यह लदान सोजत रोड रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, मैसर्स श्री नारायण मिनरल्स द्वारा अजमेर मंडल के सोजत रोड रेलवे स्टेशन से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल स्थित बोकारो स्टील प्लांट के लिए लाइमस्टोन का लदान किया जा रहा है। इसके तहत कुल 58 बॉक्सएनएचएल (BOXNHL) वैगनों का रेक तैयार किया गया है।

दिनांक 06.09.2026 को 58 वैगनों का पहला रेक सफलतापूर्वक लोड कर बोकारो स्टील प्लांट के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही अजमेर मंडल के माल यातायात बास्केट में लाइमस्टोन के रूप में एक नई कमोडिटी शामिल हो गई।

यह मालगाड़ी 1,502 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर बोकारो स्टील प्लांट पहुंचेगी। पूरे रेक के माध्यम से लगभग 4,000 टन लाइमस्टोन का लदान होगा, जिससे रेलवे को ₹1 करोड़ से अधिक का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।

सोजत रोड से शुरू हुआ यह नया लदान रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ स्थानीय खनिज उद्योग, रोज़गार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी सशक्त करेगा। इसके माध्यम से देश के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है।

Next Story