ऑपरेशन रेल प्रहरी: अहमदाबाद RPF ने सूर्यनगरी एक्सप्रेस से छुड़ाया अपहृत नाबालिग
वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज अपहरण के मामले में अहमदाबाद मंडल आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 12480 से आरोपी शिवम को हिरासत में लेकर किशोरी को सुरक्षित बचाया।

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा “ऑपरेशन रेल प्रहरी” के अंतर्गत उच्च स्तरीय सतर्कता एवं त्वरित समन्वय के माध्यम से एक नाबालिग लड़की के अपहरण से संबंधित गंभीर प्रकरण का सफलतापूर्वक अनावरण करते हुए पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
मुंबई से अहमदाबाद की ओर जा रहा था आरोपी
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26.03.2026 को वर्सोवा पुलिस स्टेशन, मुंबई में अपराध संख्या 0325/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला पंजीकृत किया गया था। प्राप्त इनपुट के अनुसार, अपहृत नाबालिग को एक युवक द्वारा ट्रेन संख्या 12480 (सूर्यनगरी एक्सप्रेस) के सामान्य श्रेणी कोच में अहमदाबाद की ओर ले जाया जा रहा था। मामले की संवेदनशीलता एवं गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए RPF अहमदाबाद द्वारा तत्काल बहु-स्तरीय निगरानी एवं समन्वित कार्रवाई प्रारंभ की गई। संबंधित संदिग्धों के विवरण एवं फोटोग्राफ का त्वरित प्रसारण कर सभी बीट स्टाफ को अलर्ट किया गया तथा वायरलेस संचार माध्यमों के जरिए सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।
घेराबंदी और सघन तलाशी अभियान
ट्रेन के अहमदाबाद स्टेशन पर आगमन के पश्चात निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, अहमदाबाद श्री प्रवीण कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक श्री पीयूष चौधरी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह, महेश परमार, राकेश सिंह एवं कांस्टेबल प्रदीप द्वारा सुनियोजित एवं सघन तलाशी अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान उपलब्ध विवरण के आधार पर संदिग्ध युवक एवं नाबालिग लड़की को चिन्हित कर विधिवत हिरासत में लिया गया। तत्पश्चात की गई पूछताछ में नाबालिग (उम्र 16 वर्ष, निवासी अंधेरी पश्चिम, मुंबई) एवं आरोपी युवक शिवम (उम्र 19 वर्ष, निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश) द्वारा घर से भागकर आने की पुष्टि की गई।
अग्रिम कार्रवाई हेतु GRP को सुपुर्द
प्रकरण में कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए दोनों को अग्रिम जांच हेतु GRP अहमदाबाद को सुपुर्द किया गया तथा संबंधित वर्सोवा पुलिस स्टेशन को सूचित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने RPF टीम की सराहना करते हुए कहा कि — "उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से नाबालिग की सुरक्षा सुनिश्चित की गई, जो यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।" RPF की इस मुस्तैदी ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए अपराध पर लगाम लगाने का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
