पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्पर और कुशल कार्रवाई के तहत यह गिरफ्तारी की गई, जिससे यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

घटना दिनांक 26.04.2026 की है, जब RPF कंट्रोल/अहमदाबाद को रेल मदद रेफरेंस नंबर 2026042601185 के माध्यम से एक महिला यात्री की शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत में बताया गया कि सवारी गाड़ी संख्या 22966 में आबू रोड से अहमदाबाद के मध्य S/4 कोच की सीट संख्या 01 से उनका काला लेडीज पर्स चोरी हो गया। पर्स में 02 हाथ घड़ियाँ, 03 मोबाइल फोन (REALME, MOTOROLA एवं INFINIX) तथा लगभग ₹3000/- मूल्य के चाँदी के घुंघरू रखे हुए थे।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में निरीक्षक अहमदाबाद के नेतृत्व में गठित CPDS टीम, जिसमें ASI मान सिंह, CT अनिल कुमार एवं CT राम अवतार स्वामी शामिल थे, ने गुप्त निगरानी शुरू की। इसी दौरान सवारी गाड़ी संख्या 22939 ओखा-बिलासपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चाँदी के घुंघरू, चाँदी के तार, आभूषण एवं अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपी की निशानदेही पर उसके बैग से 02 लेडीज पर्स, 01 छोटा पर्स, 03 हाथ घड़ियाँ, 04 मोबाइल फोन, ₹2210/- नकद एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर खान (पुत्र अफजल खान पठान), उम्र 24 वर्ष, निवासी फूलबाड़ी, सूरत (गुजरात) बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने महेसाणा स्टेशन के आसपास ट्रेन संख्या 22966 के S/4 कोच से उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और सूरत में उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने के बाद वह कारावास की सजा भी काट चुका है।

गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु GRP महेसाणा को सुपुर्द कर दिया गया है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे हेल्पलाइन या RPF/GRP को दें। यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story