पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में राष्ट्रव्यापी स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, ट्रैकसाइड क्षेत्रों, कोचिंग डिपो, खानपान इकाइयों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गहन सफाई, कचरे के निस्तारण, अनधिकृत पोस्टर-बैनर हटाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान श्रमदान के माध्यम से कचरा एकत्र करने के साथ रेल परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता सुनिश्चित करना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना और यात्रियों एवं रेलकर्मियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना है। अभियान के अंतर्गत श्रमदान, यंत्रीकृत गहन सफाई, ट्रैकसाइड कचरे का निस्तारण, अनधिकृत पोस्टर एवं बैनर हटाने, पान-गुटखा के दाग साफ करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी देने जैसी गतिविधियां संचालित की गईं।

अभियान के पहले चरण में 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक प्रमुख और अधिक यात्री आवागमन वाले रेलवे स्टेशनों एवं प्रतिष्ठानों में विशेष यंत्रीकृत गहन सफाई की गई। इस दौरान 100 से अधिक स्टेशनों एवं प्रतिष्ठानों में सफाई गतिविधियां आयोजित हुईं। प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, कॉनकोर्स, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास मार्गों और सर्कुलेटिंग एरिया की सफाई के साथ शौचालयों की डीस्केलिंग, पंखों, लाइटों एवं विद्युत उपकरणों की सफाई और डस्टबिन की धुलाई की गई।

इस चरण में 142 स्टेशनों पर शौचालयों की डीस्केलिंग, 231 शौचालयों की डीस्केलिंग, 830 विद्युत उपकरणों की सफाई और 800 डस्टबिन की स्क्रबिंग की गई। इसके अलावा क्षतिग्रस्त डस्टबिन बदले गए तथा प्लेटफॉर्म के समीप 13.6 किलोमीटर नालियों से गाद एवं मलबा हटाया गया। रेलवे की खानपान व्यवस्था में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 12 पेंट्री कारों, 6 बेस किचन और 77 खानपान इकाइयों में गहन सफाई की गई।

6 से 8 अक्टूबर 2026 तक ट्रैकसाइड एवं यार्ड क्षेत्रों में जमा कचरे, प्लास्टिक और स्क्रैप को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्टेशन सीमा के भीतर 54 स्थानों पर सफाई की गई, जबकि ट्रैकसाइड क्षेत्रों में 60 किलोमीटर तक अनावश्यक वनस्पति हटाई गई। इसके साथ ही 16 समपार फाटकों, गेट लॉज एवं केबिनों के आसपास से कचरा हटाया गया। अभियान के दौरान 22 चिन्हित कचरा स्थलों का सुधार एवं रूपांतरण भी किया गया।

9 एवं 10 अक्टूबर को अनधिकृत पोस्टर, बैनर, स्टिकर और दीवारों पर लिखे संदेशों को हटाने के साथ पान-गुटखा के दाग साफ करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में 48 स्थानों से अनधिकृत पोस्टर, बैनर और स्टिकर हटाए गए। वहीं, 22 स्टेशनों पर सफेदी एवं पेंट संबंधी कार्य किए गए। थूकने और कचरा फैलाने के विरुद्ध जागरूकता संदेश 8 स्थानों पर प्रदर्शित किए गए तथा स्वच्छ रेल संबंधी संदेशों को बढ़ावा देने के लिए 12 स्थानों पर साइनबोर्ड लगाए गए।

11 से 15 अक्टूबर 2026 तक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुपालन को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग (OBHS) कर्मचारियों, स्टेशन सफाईकर्मियों और पेंट्री स्टाफ सहित 90 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त 20 जागरूकता सत्रों एवं ब्रीफिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों, खानपान कर्मियों, स्टेशन विक्रेताओं और ठेकेदारों को कचरे के उचित प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी नियमों की जानकारी दी गई।

स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के तहत 162 स्थानों पर श्रमदान किया गया। इसमें रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), NCC/NSS तथा अन्य संगठनों के सदस्यों सहित 1,727 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लगभग 25,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र की सफाई की गई और 1,963 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया। अभियान के तहत लगभग 150 पौधे भी लगाए गए।

यात्रियों को रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करने के साथ गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। इस दौरान 1,000 से अधिक व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों, रेलकर्मियों और आम नागरिकों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की है। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत चलाए गए इन अभियानों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story