अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर चोरी की फिराक में घूम रहा संदिग्ध गिरफ्तार, RPF ने GRP को सौंपा
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 पर RPF की CPDS टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने दीपावली की भीड़ के दौरान चोरी करने के इरादे से स्टेशन आने की बात स्वीकार की। आरोपी को GRP के हवाले किया गया।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर दीपावली के दौरान यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने के इरादे से पहुंचे एक संदिग्ध व्यक्ति को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वॉड (CPDS) टीम ने पकड़ लिया। आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही सुरक्षा बल के हत्थे चढ़ गया। उसके पास वैध यात्रा प्राधिकार पत्र भी नहीं मिला।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में रेलवे परिसर में अपराधों की रोकथाम और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए RPF की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 07 नवंबर 2026 को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर अपराध रोकथाम एवं भीड़ प्रबंधन ड्यूटी के दौरान CPDS टीम विशेष सतर्कता बरत रही थी। टीम में सहायक उप निरीक्षक रमन कुमार, हैड कांस्टेबल धीरज कुमार, कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल थे।
इस दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 पर गुप्त निगरानी करते समय टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। CPDS टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने स्वीकार किया कि दीपावली के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए वह चोरी करने के इरादे से अहमदाबाद रेलवे स्टेशन आया था। हालांकि, चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही RPF टीम ने उसे पकड़ लिया।
जांच के दौरान उसके पास कोई वैध यात्रा प्राधिकार पत्र भी नहीं पाया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान परषोत्तम, पुत्र टीकम दास हरियाणी, उम्र 45 वर्ष, निवासी कोतरपुर, अहमदाबाद के रूप में हुई।
CPDS टीम ने आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), अहमदाबाद के सुपुर्द कर दिया। अहमदाबाद मंडल रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में अपराधों की रोकथाम के लिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार सतर्कता एवं निगरानी रख रहा है।

