अहमदाबाद। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 05 नवंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री वेद प्रकाश ने रेलवे अधिकारियों, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) और नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अधिकारियों के साथ अहमदाबाद एवं साबरमती रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने त्योहारों के समय यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही, प्रवेश और निकास व्यवस्था, विशेष प्रतीक्षालय (Special Waiting Area), होल्डिंग एरिया, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही साबरमती रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।

श्री वेद प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और किसी को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने त्योहारों के दौरान यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन की तैयारियों और रेलवे की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से भी बातचीत की।

श्री वेद प्रकाश ने बताया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मुख्य रूप से उत्तर भारत की ओर जाने वाली विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अहमदाबाद, साबरमती एवं असारवा रेलवे स्टेशनों पर 110 से अधिक अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों की तैनाती की गई है। इन स्टेशनों पर RPF, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), वाणिज्य विभाग और सिविल डिफेंस के अतिरिक्त कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। तीनों स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24×7 ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।

स्टेशनों की निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से 24×7 कंट्रोल रूम से पूरे स्टेशन परिसर पर निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अहमदाबाद एवं साबरमती रेलवे स्टेशनों पर 240 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर निगरानी का दायरा बढ़ाने के लिए 60 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन ने RPF, वाणिज्य विभाग, GRP एवं ट्रैफिक पुलिस के आपसी समन्वय से भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही तथा भीड़ की स्थिति पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को देखते हुए अहमदाबाद मंडल ने विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, होल्डिंग एरिया और विशेष प्रतीक्षालयों की व्यवस्था सहित कई आवश्यक इंतजाम किए हैं। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story