यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था का उद्घाटन माननीय सांसद श्री दिनेशभाई मकवाणा द्वारा किया गया। इस पहल को यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सुविधाजनक और तनावमुक्त बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर सांसद श्री दिनेशभाई मकवाणा ने कहा कि यह स्वचालित डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा यात्रियों को शहर भ्रमण, कार्यालयी कार्य अथवा अन्य आवश्यक गतिविधियों के दौरान अपने सामान को सुरक्षित रखने में बड़ी सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यात्री बिना किसी कर्मचारी की सहायता के अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लॉकर का संचालन कर सकेंगे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने बताया कि कालूपुर स्थित अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहली बार यात्रियों के लिए इस प्रकार की डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले यात्रियों के पास अक्सर सामान और मूल्यवान वस्तुएं होती हैं, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए कई बार उन्हें अतिरिक्त खर्च कर होटल लेना पड़ता है या अल्प अवधि के लिए भी सामान साथ लेकर जाना असुविधाजनक हो जाता है।

इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में कुल 59 डिजिटल लॉकर स्थापित किए गए हैं। यात्रियों की जरूरतों के अनुसार इन्हें मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज श्रेणियों में विभाजित किया गया है। यह सुविधा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को 3 घंटे, 6 घंटे और 24 घंटे की अवधि के अनुसार लॉकर उपयोग करने का विकल्प दिया गया है, जिसकी शुरुआत मात्र 40 रुपये से की गई है।

पूरी व्यवस्था को पूर्णतः डिजिटल और कैशलेस बनाया गया है, जहां भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड सहित अन्य डिजिटल माध्यम उपलब्ध हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लॉकर संचालन के दौरान पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी आधारित एक्सेस प्रणाली लागू की गई है, जिससे अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके। सभी लॉकर मजबूत और छेड़छाड़-प्रतिरोधी संरचना से तैयार किए गए हैं तथा उनकी निगरानी क्लाउड आधारित प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। साथ ही निर्बाध संचालन के लिए यूपीएस बैकअप की व्यवस्था भी की गई है। विभिन्न राज्यों से आने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल स्क्रीन पर बहुभाषीय इंटरफेस भी उपलब्ध कराया गया है।

लॉकर शुल्क संरचना के अनुसार मीडियम लॉकर के लिए 3 घंटे तक 40 रुपये, 6 घंटे तक 70 रुपये और 24 घंटे तक 150 रुपये निर्धारित किए गए हैं। लार्ज लॉकर के लिए क्रमशः 70 रुपये, 150 रुपये और 200 रुपये तथा एक्स्ट्रा लार्ज लॉकर के लिए 90 रुपये, 170 रुपये और 280 रुपये शुल्क तय किया गया है।

इस आधुनिक सुविधा के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से मेसर्स ड्यूरोल्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, पुणे को सौंपी गई है। यह अनुबंध पांच वर्षों के लिए 25 फरवरी 2031 तक प्रभावी रहेगा। इसके अंतर्गत रेलवे को प्रतिवर्ष 8,21,350 रुपये का लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा तथा पूरे अनुबंध काल में अनुमानित 48.46 लाख रुपये की आय होने की संभावना है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार आगामी चरण में ऐसी ही सुविधाओं का विस्तार साबरमती स्टेशन तक किया जाएगा, जहां यात्रियों के लिए विश्राम, भोजन और कार्य संबंधी अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की योजना है। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर शुरू की गई यह स्मार्ट डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा भारतीय रेलवे की यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और तकनीक आधारित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story