अहमदाबाद मंडल: रेलवे कर्मचारियों ने यात्री को लौटाई टॉयलेट में गिरी सोने की अंगूठी
बांद्रा-भुज स्पेशल ट्रेन के ड्रेनेज पाइप में गिरी अंगूठी को सी एंड डब्ल्यू विभाग और सीटीएस स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला।

रेलवे स्टेशन पर नीली शर्ट पहने कर्मचारी द्वारा यात्री को हाथ में सोने की अंगूठी सौंपने का दृश्य।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल के रेल कर्मचारियों ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। गाड़ी संख्या 09037 बांद्रा टर्मिनस-भुज स्पेशल के कोच संख्या B8 में यात्रा कर रहे एक यात्री की सोने की अंगूठी अचानक टॉयलेट के ड्रेनेज में गिर गई, जिससे यात्री बेहद चिंतित और परेशान हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के अहमदाबाद स्टेशन पहुंचने पर रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान श्री संजय यादव, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (C&W), अन्य सुपरवाइजरों और CTS (क्लीन ट्रेन स्टेशन) स्टाफ के श्री वीरेंद्र कुमार सिंह ने बिना समय गंवाए अंगूठी की तलाश शुरू कर दी।
टॉयलेट की पाइपलाइन और गंदगी के बीच गिरी छोटी सी सोने की अंगूठी को ढूंढना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसके बावजूद रेलवे की टीम ने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत, धैर्य तथा अथक प्रयास के साथ खोज अभियान जारी रखा। काफी प्रयासों के बाद टीम ने सफलतापूर्वक सोने की अंगूठी को खोज निकाला और उसे सुरक्षित यात्री को वापस सौंप दिया।
रेलवे कर्मचारियों का यह कार्य केवल ड्यूटी निभाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह यात्रियों के प्रति उनकी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और विश्वास को बनाए रखने की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। श्री संजय यादव और श्री वीरेंद्र कुमार सिंह की ईमानदारी और तत्परता ने न केवल यात्री की कीमती अमानत को सुरक्षित लौटाया, बल्कि भारतीय रेल की विश्वसनीय और जनहितैषी छवि को भी और अधिक मजबूत किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
