अहमदाबाद मंडल: मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
अहमदाबाद मंडल में आयोजित DRUCC बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार और आगामी रेल परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी और अपर मण्डल रेल प्रबंधक मंजू मीणा चर्चा करते हुए।
अहमदाबाद, 28 मई 2026। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में आज मण्डल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की पाँचवी महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय में किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए मण्डल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने उपस्थित सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके संबंधित क्षेत्रों के विकास हेतु बहुमूल्य सुझाव आमंत्रित किए। श्री वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में मंडल की भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नलिया–वायोर के मध्य मालगाड़ी परिवहन सितंबर 2026 तक प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि वटवा में भारतीय रेल का सबसे बड़ा 98 लाइनों वाला कोचिंग हब विकसित किया जा रहा है, जबकि वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का कार्य भी तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। साथ ही, सरखेज–धोलेरा सेमी हाई स्पीड रेलवे परियोजना की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की गई।
समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक श्री अन्नू त्यागी ने एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की विकासात्मक गतिविधियों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अहमदाबाद, साबरमती और भुज स्टेशनों का मेजर रीडेवलपमेंट कार्य उन्नत चरण में है। इसके अतिरिक्त, 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत मंडल के 16 स्टेशनों का कायाकल्प ₹515.03 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, जिसमें सामाखियाली का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कालोल, हिम्मतनगर और भचाऊ जैसे स्टेशनों पर काम युद्धस्तर पर जारी है।
अहमदाबाद मंडल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि यह पश्चिम रेलवे का शीर्ष प्रदर्शन करने वाला मंडल है, जो 412 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस एवं यात्री गाड़ियों का संचालन कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्रियों ने मंडल से यात्रा की। माल लदान में मंडल का योगदान पश्चिम रेलवे में 49% रहा, जिससे यह भारतीय रेलवे में माल लदान में 8वें और माल आय में 7वें स्थान पर काबिज है। मुंद्रा, दीनदयाल (कांडला) एवं टूना पोर्ट को दी जा रही रेल कनेक्टिविटी मंडल की रणनीतिक क्षमता को दर्शाती है। वर्तमान में मंडल 143 यात्री स्टेशन, 33 रेलवे फ्रेट टर्मिनल और 7 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल के साथ संचालित है।
पुनर्विकास कार्यों के तहत, अहमदाबाद स्टेशन को ₹2379 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। साबरमती बीजी एवं जंक्शन का 73% और न्यू भुज स्टेशन का 76% कार्य पूर्ण हो चुका है। यात्री सेवाओं के विस्तार में भुज–दिल्ली एक्सप्रेस का 22 मई 2026 को शुभारंभ और 16 फरवरी 2026 को उदयपुर सिटी–असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत प्रमुख रही है। माल व्यवसाय में नवाचार करते हुए स्टेनलेस स्टील कंटेनरों द्वारा औद्योगिक नमक, बेचराजी से 264 वाहनों का ऑटोमोबाइल परिवहन, उंझा से मिर्जा तक मसालों की पहली पार्सल रेक और लिन्च से जम्मू-कश्मीर तक दुग्ध उत्पादों की कार्गो रेक का संचालन मंडल की गौरवपूर्ण उपलब्धियां हैं। साथ ही, हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा खेड़ब्रह्मा–हिम्मतनगर सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किया गया।
बैठक के दौरान सदस्यों ने अपने क्षेत्रों से संबंधित रेल समस्याओं, ट्रेनों के ठहराव व विस्तार, नई सेवाओं, रोड ओवर ब्रिज व अंडर ब्रिज निर्माण तथा स्टेशनों पर साफ-सफाई व ठंडे पानी की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इस अवसर पर समिति की सदस्य एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक श्रीमती मंजू मीणा सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह बैठक अहमदाबाद मंडल के भविष्य के रोडमैप को मजबूती देने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
