अहमदाबाद मंडल में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की शपथ का आयोजन
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत अधिकारियों को जल-ऊर्जा बचत और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली की शपथ दिलाई।

अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के दौरान शपथ लेते DRM वेद प्रकाश और अन्य रेल अधिकारी।
भारतीय रेल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत 18 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश ने मंडल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, जल एवं ऊर्जा की बचत करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा हरित एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, स्वच्छता, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रभात फेरियां, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं तथा सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रेलवे परिसरों, पटरियों एवं जल स्रोतों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे।
इसके साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा “सिंगल यूज़ प्लास्टिक” के उपयोग को कम करने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने, पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलों तथा कपड़े एवं जूट के बैगों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस विशेष अभियान के दौरान 5 जून 2026 को “विश्व पर्यावरण दिवस” के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने कहा कि पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ाते हुए समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का कार्य करता रहेगा। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
