अहमदाबाद मंडल का कमाल: पश्चिम रेलवे में प्रथम और भारतीय रेल में मिला 8वाँ स्थान
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में 51.13 मिलियन टन माल लदान और ₹9193 करोड़ के कुल राजस्व के साथ अहमदाबाद मंडल ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए।

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के कुशल नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। परिचालन दक्षता, माल एवं यात्री परिवहन, राजस्व सुदृढ़ीकरण तथा अवसंरचना विकास के सभी प्रमुख आयामों में उत्कृष्ट एवं संतुलित प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद मंडल ने पश्चिम रेलवे में प्रथम और भारतीय रेल के शीर्ष मंडलों में 8वाँ स्थान प्राप्त कर अपनी धाक जमाई है। इस गौरवशाली उपलब्धि के दौरान मंडल ने कुल ₹9193 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष के मुकाबले ₹538 करोड़ की शानदार वृद्धि को दर्शाती है। आर्थिक मोर्चे पर मंडल की मजबूती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि माल राजस्व में 5.76 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ₹6867 करोड़ और कोचिंग राजस्व में 6.89 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹1814 करोड़ का संग्रह किया गया।
माल लदान के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति करते हुए मंडल ने 51.13 मिलियन टन का आंकड़ा छुआ, जिसमें वार्षिक आधार पर 9.30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस प्रदर्शन में 6,04,922 वैगनों के साथ कंटेनर लदान में 4.06 प्रतिशत, 1,76,794 वैगनों के साथ उर्वरक लदान में 24.61 प्रतिशत और 1,19,948 वैगनों के साथ नमक लदान में 27.85 प्रतिशत की भारी वृद्धि शामिल है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी मंडल अग्रणी रहा, जहाँ 42,818 वैगनों के लदान के साथ 11.61 प्रतिशत की बढ़त हासिल हुई, जबकि एलपीजी रेक्स का लदान भी अब तक के सर्वाधिक स्तर पर पहुँच गया। परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करते हुए प्रतिदिन औसतन 2893.9 वैगनों की लोडिंग सुनिश्चित की गई और कुल 72,014 कोचिंग ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद क्षेत्र में 7,049 रेक्स के संचालन और प्रतिदिन 206.20 ट्रेनों के इंटरचेंज ने मंडल की परिचालन क्षमता को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।
राजस्व के अन्य स्रोतों में भी मंडल ने असाधारण परिणाम दिए हैं, जहाँ गैर-भाड़ा राजस्व में 35.83 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ₹1450.67 करोड़ अर्जित किए गए। स्टेशन पार्किंग से ₹322.82 करोड़, टिकट जांच से ₹31.66 करोड़ और स्वच्छता दंड के रूप में 184.55 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि के साथ ₹12.52 करोड़ प्राप्त हुए। यात्री सेवाओं के विस्तार के तहत वर्ष भर में 408.10 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया। बुनियादी ढांचे के विकास में भी मंडल ने मिसाल पेश की है, जिसमें 163 किलोमीटर नई रेलवे लाइन जोड़ने, 237 ट्रैक किलोमीटर के ट्रैक्शन कार्य को पूर्ण करने और 69 हाई मास्ट टॉवर स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। संरक्षा की दृष्टि से 10 स्थायी गति प्रतिबंधों को समाप्त किया गया और 26 रोड अंडर ब्रिज (RUB) तथा 4 रोड ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण कर यातायात सुगम बनाया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मंडल को कई नई रेल सेवाओं की सौगात मिली, जिनमें 26 मई 2025 को वेरावल-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस, 25 अगस्त 2025 को कड़ी-साबरमती-कटोसन रोड मेमू सेवा और बेचराजी से कार-लोडेड मालगाड़ी का शुभारंभ प्रमुख रहा। इसके बाद 16 फरवरी 2026 को असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस और 31 मार्च 2026 को खेडब्रह्मा-हिम्मतनगर-अहमदाबाद नई रेल सेवा का उद्घाटन किया गया। अवसंरचना की दिशा में 22 मई 2025 को सामाखियाली स्टेशन का अमृत स्टेशन के रूप में लोकार्पण, साबरमती-बोटाद खंड के विद्युतीकरण के साथ गुजरात में 100% विद्युतीकरण की उपलब्धि, महेसाणा-पालनपुर दोहरीकरण और गांधीधाम-आदीपुर मल्टी-ट्रैकिंग कार्य को राष्ट्र को समर्पित किया जाना मंडल की विकास यात्रा के स्वर्णिम अध्याय हैं। कर्मचारी कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कुल 17 हजार कर्मियों में से 2520 को पदोन्नति दी गई, जो इस समग्र विकास की नींव बने।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
