पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने मई 2026 के दौरान अपनी व्यावसायिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्व सृजन, माल परिवहन, यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं गैर-किराया राजस्व के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल ने इस माह के दौरान लगभग ₹688 करोड़ का सकल राजस्व (Gross Revenue) प्राप्त किया, जो मई 2025 की तुलना में 7.01 प्रतिशत अधिक है। राजस्व के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो यात्री आय में 22.68 प्रतिशत का उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया और यह ₹118.15 करोड़ से बढ़कर ₹144.95 करोड़ तक पहुंच गई। इसी प्रकार अन्य कोचिंग आय में भी 52.40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई, जो पिछले वर्ष के ₹16.47 करोड़ से बढ़कर ₹25.10 करोड़ हो गई है। मालभाड़ा आय के मोर्चे पर मंडल ने ₹517.34 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष के ₹507.72 करोड़ की तुलना में लगभग 2 प्रतिशत अधिक है। इन आंकड़ों के साथ ही मंडल में आरंभिक यात्रियों की संख्या भी 12.67 प्रतिशत बढ़कर 34.15 लाख के स्तर पर पहुंच गई है।

माल ढुलाई क्षेत्र में अहमदाबाद मंडल ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। देशलपर (DSLP) फ्रेट टर्मिनल ने ₹13.40 करोड़, इफ्को (IFFCO) साइडिंग, खोड़ियार ने ₹9.98 करोड़ और सानोसरा (SNSR) फ्रेट टर्मिनल ने ₹10.75 करोड़ की अब तक की अपनी सर्वश्रेष्ठ मासिक आय दर्ज की है। साथ ही, बेंटोनाइट की लोडिंग से मंडल को ₹24.29 करोड़ की ऐतिहासिक मासिक आय प्राप्त हुई है। मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) ने नए ग्राहकों, गंतव्यों और वस्तुओं को जोड़कर राजस्व बढ़ाने में निर्णायक भूमिका निभाई है। आईटीसी लिमिटेड द्वारा कांडला पोर्ट से पोल्लाची जंक्शन तक 'सोयाबीन एक्सट्रैक्शन और फ्लेक्स' की पहली मिनी रैक लोड की गई, जिससे ₹42.06 लाख का अतिरिक्त राजस्व मिला। मेसर्स मैग्नस माइन्स एंड मिनरल्स लिमिटेड द्वारा सानोसरा से भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड तक बेंटोनाइट की रैक भेजने से ₹1.07 करोड़ की आय हुई। औद्योगिक नमक, बेंटोनाइट और जैविक खाद जैसी सामग्री को वडोदरा, भावनगर, सिकंदराबाद, कोटा, पुणे, जम्मू और खुर्दा रोड जैसे नए गंतव्यों तक सफलतापूर्वक पहुंचाया गया।

गैर-किराया राजस्व (NFR) और पार्सल क्षेत्र में भी नवाचार देखने को मिला है। मेहसाणा स्टेशन पर 454 वर्ग मीटर क्षेत्र में पांच वर्ष के लिए 'गेम जोन' विकसित करने का ई-ऑक्शन अनुबंध ₹44.25 लाख में आवंटित हुआ। मई माह में हुए ई-ऑक्शन द्वारा 11 पार्सल संपत्तियों को तीन वर्ष के लिए लीज पर देने से ₹20.08 करोड़ की आय की संभावना है। साथ ही, मेहसाणा से अजारा और ऊंझा से मिर्जा के लिए मशाला की पहली पार्सल रैक क्रमशः ₹24.79 लाख और ₹27.15 लाख के राजस्व के साथ चलाई गई। यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में गर्मी की छुट्टियों की मांग को देखते हुए 33 विशेष ट्रेन फेरे चलाए गए और 43 अतिरिक्त कोच जोड़े गए, जिससे 0.55 लाख यात्रियों को सुविधा मिली और ₹6.79 करोड़ की अतिरिक्त यात्री आय प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त, 22 मई 2026 को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र भाई पटेल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'भुज-दिल्ली एक्सप्रेस' को जालोर-पाली मारवाड़ मार्ग से हरी झंडी दिखाई गई, जिससे कच्छ और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी सुदृढ़ हुई है। टिकट चेकिंग और स्वच्छता अभियान के तहत मंडल ने विशेष 'फोर्ट्रेस' जांच अभियान चलाए, जिससे ₹3.00 करोड़ की टिकट चेकिंग आय प्राप्त होने की संभावना है। साथ ही, स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई कर ₹1.38 लाख का जुर्माना वसूला गया है। ये उपलब्धियां अहमदाबाद मंडल की प्रशासनिक कुशलता और यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story