पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित इस त्रि-दिवसीय अभियान के तहत यात्रियों और वाहन चालकों को नुक्कड़ नाटक व पम्पलेट वितरण के माध्यम से रेल फाटकों पर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 07 जून 2026 से 09 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस (ILCAD) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को समपार फाटकों (लेवल क्रॉसिंग) को सुरक्षित ढंग से पार करने के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सावधानी बरतने का संदेश देना रहा।

अभियान के दौरान संरक्षा विभाग के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी एवं संरक्षा सलाहकारों के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। 07 जून को असरवा–हिम्मतनगर खंड के समपार फाटक संख्या 6 एवं 10 पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि 08 जून को अहमदाबाद–गेरतपुर खंड के समपार फाटक संख्या 305 एवं 308 पर जागरूकता गतिविधियाँ संपन्न हुईं। इसी क्रम में 09 जून को अहमदाबाद–पालनपुर खंड के समपार फाटक संख्या 240 तथा अहमदाबाद–वीरमगाम खंड के समपार फाटक संख्या 7 पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन स्थलों पर आने-जाने वाले नागरिकों एवं वाहन चालकों को समपार फाटकों पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। सुरक्षा संबंधी बैनर लगाए गए तथा जनसामान्य को हैंड पम्पलेट वितरित किए गए। साथ ही प्रभावी जन-जागरूकता के लिए सभी चयनित समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया गया, जिसमें संरक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों के पर्यवेक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

इसके अतिरिक्त अहमदाबाद मंडल के सभी खंडों के समपार फाटकों पर संबंधित खंड अभियंताओं एवं यातायात निरीक्षकों द्वारा भी समानांतर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन स्थानों पर बैनर प्रदर्शन, पम्पलेट वितरण तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों को समपार फाटकों के सुरक्षित प्रबंधन तथा रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा एवं सजगता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानता है। मंडल ने नागरिकों से अपील की है कि वे समपार फाटकों को पार करते समय निर्धारित नियमों का पालन करें तथा अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story