अहमदाबाद रेलवे मंडल ने रचा इतिहास: अक्टूबर में माल ढुलाई और राजस्व में बना नया रिकॉर्ड
अहमदाबाद मंडल ने 236 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का संचालन कर दर्ज की 263% की वृद्धि, कॉपर स्लैग की पहली बार लोडिंग से मिली नई माल आय।

अहमदाबाद मंडल में माल ढुलाई बढ़ाने के लिए मालगाड़ी के वैगनों में माल की लदान प्रक्रिया जारी।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई और रेल परिचालन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। मंडल ने इस दौरान रिकॉर्ड 236 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का सफल संचालन किया, जो अक्टूबर 2025 में संचालित 65 ट्रेनों की तुलना में 263 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच मंडल ने 30 मिलियन टन यानी 3 करोड़ टन माल का लदान कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद मंडल ने माल ढुलाई और राजस्व के मोर्चे पर भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। इस दौरान औसतन 3,073.42 वैगन प्रतिदिन लोड किए गए, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 3,010 वैगन प्रतिदिन था। इस प्रकार दैनिक वैगन लोडिंग में 2.10 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मंडल का कुल माल लदान 4.6893 मिलियन टन रहा, जो पिछले वर्ष के 4.5855 मिलियन टन की तुलना में 2.26 प्रतिशत अधिक है। माल ढुलाई से मंडल को ₹655 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आय ₹612 करोड़ थी। इस तरह राजस्व में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख वस्तुओं की लोडिंग में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली। अक्टूबर 2026 में उर्वरक की औसत दैनिक लोडिंग 685 वैगन रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है। नमक एवं औद्योगिक नमक की लोडिंग 260.5 वैगन प्रतिदिन दर्ज की गई, जिसमें 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अन्य कमोडिटीज की लोडिंग में 75 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी के साथ यह आंकड़ा 173.7 वैगन प्रतिदिन पहुंच गया। वहीं, ऑटोमोबाइल की औसत दैनिक लोडिंग 113.7 वैगन रही, जो पिछले वर्ष के स्तर से अधिक है।
लॉन्ग हॉल ट्रेनों के परिचालन में मंडल ने सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हासिल की। अक्टूबर 2026 में कुल 236 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया, जबकि अक्टूबर 2025 में इनकी संख्या 65 थी। इस प्रकार एक वर्ष में 263 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अकेले गांधीधाम क्षेत्र में अक्टूबर 2026 के दौरान 153 लॉन्ग हॉल ट्रेनों का गठन किया गया।
इंटरचेंज परिचालन में भी अहमदाबाद मंडल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन दर्ज किया। अक्टूबर 2026 में औसतन 227.91 ट्रेन प्रतिदिन का इंटरचेंज हुआ, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 211.45 ट्रेन प्रतिदिन था। इस प्रकार 7.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मंडल ने सितंबर 2026 के 224.5 ट्रेन प्रतिदिन के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) पॉइंट्स पर औसत इंटरचेंज 108.10 ट्रेन प्रतिदिन रहा, जो अक्टूबर 2025 के 87.50 ट्रेन प्रतिदिन की तुलना में 23.6 प्रतिशत अधिक है। यह भी मंडल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन रहा। वीरमगाम पॉइंट पर 48.61 ट्रेन प्रतिदिन का सर्वाधिक मासिक इंटरचेंज दर्ज किया गया। चाडोतर (CECC) DFC पॉइंट पर यह आंकड़ा 54.13 ट्रेन प्रतिदिन रहा। वहीं, महेसाणा एवं भांडु मोटीदाऊ DFC पॉइंट पर संयुक्त रूप से 22.78 ट्रेन प्रतिदिन का इंटरचेंज दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
अहमदाबाद और गांधीधाम क्षेत्रों में भी माल लदान बढ़ा। अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद क्षेत्र में औसतन 718.87 वैगन प्रतिदिन लोड किए गए, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 708.87 वैगन प्रतिदिन थी। इस तरह 1.40 प्रतिशत की वृद्धि हुई। गांधीधाम क्षेत्र में औसत दैनिक लोडिंग 2,354.55 वैगन रही, जो पिछले वर्ष के 2,301.13 वैगन प्रतिदिन की तुलना में 2.32 प्रतिशत अधिक है।
नए व्यावसायिक अवसरों के माध्यम से मंडल ने माल आय बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। अहमदाबाद मंडल में पहली बार कॉपर स्लैग (Copper Slag) की लोडिंग की गई। 6 अक्टूबर 2026 को अहमदाबाद क्षेत्र के APSEZ पोर्ट टर्मिनल स्थित APSA लोडिंग पॉइंट से BOXN रेक के माध्यम से 4,048 टन कॉपर स्लैग श्री मेगा पावर प्राइवेट साइडिंग (SMPB) के लिए रवाना किया गया। अक्टूबर 2026 के दौरान APSA से कुल 8 रेकों में 32,773 टन कॉपर स्लैग लोड किया गया, जिससे मंडल को ₹4.06 करोड़ की माल आय प्राप्त हुई।
इसके अलावा, गांधीधाम से तीन वर्षों से अधिक के अंतराल के बाद मेट-कोक (Met-Coke) की लोडिंग दोबारा शुरू की गई। इसके तहत एक रेक में 2,929 टन मेट-कोक सनफ्लैग आयरन एंड स्टील कंपनी (SISB), नागपुर मंडल के लिए लोड किया गया। इस लोडिंग से ₹71.70 लाख की माल आय अर्जित हुई।
मालगाड़ियों की गति और परिचालन दक्षता में भी सुधार दर्ज किया गया। अक्टूबर 2026 में यार्डिंग एवं स्टेबलिंग सहित मालगाड़ियों की औसत गति 14.98 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो पिछले वर्ष के 14.73 किलोमीटर प्रति घंटा से 1.7 प्रतिशत अधिक है। डीजल लोकोमोटिव का औसत उपयोग 371.43 किलोमीटर रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 370.63 किलोमीटर था। इसमें 0.21 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस दौरान कुल 3,092 घंटे 45 मिनट के मेंटेनेंस ब्लॉक उपलब्ध कराए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 42.94 प्रतिशत अधिक हैं।
यात्री सेवाओं और ट्रेनों की समयपालन स्थिति में भी अहम सुधार हुआ। अक्टूबर 2026 में मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का समयपालन 95.50 प्रतिशत रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 93 प्रतिशत था। इस प्रकार समयपालन में 2.50 प्रतिशत अंक की वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर 2026 में कुल 6,591 कोचिंग ट्रेनों का संचालन हुआ, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 5,733 ट्रेनें संचालित की गई थीं। इस तरह कोचिंग ट्रेनों के परिचालन में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा के लिए विभिन्न ट्रेनों में 426 अतिरिक्त कोच लगाए गए। इसके साथ ही मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में 20 इंडेंटेड VPs लगाए गए। पार्सल परिवहन के क्षेत्र में भी वृद्धि दर्ज की गई। अक्टूबर 2026 में कुल 9 पार्सल रेक संचालित किए गए, जबकि पिछले वर्ष इनकी संख्या 4 थी। इस प्रकार पार्सल रेक परिचालन में 125 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
रेलवे आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में भी मंडल ने महत्वपूर्ण प्रगति की। अहमदाबाद यार्ड में नवनिर्मित ब्रॉडगेज लाइन संख्या 16, 17 एवं 18 को यातायात के लिए खोलने के संबंध में 28 अक्टूबर 2026 को CRS निरीक्षण संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त असारवा एवं साबरमती A केबिन के बीच 'Y' कनेक्टिविटी विकसित करने के उद्देश्य से असारवा स्टेशन पर नवनिर्मित ब्रॉडगेज कॉर्ड लाइन का CRS निरीक्षण भी 28 अक्टूबर 2026 को किया गया।
इस नई कनेक्टिविटी पर असारवा से साबरमती A केबिन के बीच पहली मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया। इस मालगाड़ी में लोको संख्या 60185, WAG-12 का उपयोग किया गया।
अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद मंडल की इन उपलब्धियों ने माल ढुलाई, राजस्व, लॉन्ग हॉल ट्रेनों, इंटरचेंज परिचालन, यात्री सेवाओं और आधारभूत संरचना के विकास में मंडल की प्रगति को रेखांकित किया है। परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ माल एवं यात्री सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में मंडल ने महत्वपूर्ण प्रदर्शन दर्ज किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
