पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल माल परिवहन और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियाँ दर्ज करते हुए भारतीय रेलवे के फ्रेट ऑपरेशन को नई दिशा प्रदान कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में मंडल द्वारा कई नवाचारपूर्ण पहलें की जा रही हैं, जिनसे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ देशव्यापी आपूर्ति श्रृंखला भी सुदृढ़ हो रही है।

इसी क्रम में 06 मई 2026 को अहमदाबाद मंडल के महेसाणा स्टेशन से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के रंगिया मंडल स्थित अजारा स्टेशन (असम) के लिए 4200 क्विंटल जीरा से लदी पहली ‘डीम्ड वीपी रेक’ सफलतापूर्वक रवाना की गई। यह अहमदाबाद मंडल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार इस सेक्टर में मसालों की संगठित रेल ढुलाई की गई है। इस परिवहन से रेलवे को लगभग ₹25 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पहल गुजरात के मसाला उद्योग को पूर्वोत्तर भारत के बाजारों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा रेल परिवहन को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में और अधिक सुदृढ़ करेगी। इससे व्यापारियों एवं निर्यातकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और भविष्य में इस प्रकार के फ्रेट मूवमेंट की संभावनाएँ बढ़ेंगी।

इसी क्रम में अहमदाबाद मंडल ने एक और उपलब्धि दर्ज करते हुए गांधीधाम क्षेत्र के भीमासर स्टेशन से जम्मू-कश्मीर के बाड़ी ब्राह्मण (BBMN) और अनंतनाग तक खाद्य तेल की सफल माल ढुलाई की। इस विशेष फ्रेट मूवमेंट में 11 BCN वैगन बाड़ी ब्राह्मण के लिए तथा 09 BCN वैगन अनंतनाग के लिए भेजे गए, जिससे रेलवे को ₹17 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। “कच्छ से कश्मीर” तक खाद्य तेल की यह निर्बाध आपूर्ति भारतीय रेलवे की व्यापक पहुंच और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।

व्यापार और उद्योग को मिल रही इस नई गति के पीछे अहमदाबाद मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) की निरंतर सक्रिय भूमिका है, जो उद्योगों एवं व्यापारिक संस्थानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित और कस्टमाइज्ड लॉजिस्टिक समाधान प्रदान कर रही है। इसके परिणामस्वरूप नए कमोडिटी ट्रैफिक का विस्तार हो रहा है, व्यापारिक समुदाय का रेलवे पर विश्वास बढ़ रहा है तथा सड़क परिवहन पर दबाव कम हो रहा है।

ग्राहक-अनुकूल नीतियों, त्वरित रेक उपलब्धता, आधुनिक माल ढुलाई सुविधाओं एवं प्रभावी विपणन रणनीतियों के माध्यम से अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे के अग्रणी माल ढुलाई मंडलों में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। ये सभी उपलब्धियाँ “Driving Progress, Delivering Prosperity” के विज़न को साकार करते हुए भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा रही हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story