पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कैरिज एवं वैगन (सी एंड डब्ल्यू) विभाग के कर्मचारियों ने अपनी अद्वितीय तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से एक संभावित बड़े रेल संकट को टालते हुए ट्रेन संख्या 22950 देहरादून–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के एक कोच को अलग होने से बचा लिया। 29 मई 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्राधिकार में यात्रा के दौरान इस ट्रेन के कोच संख्या M-2 में तकनीकी खराबी के कारण फेल्योर इंडिकेशन एंड ब्रेक एप्लीकेशन (FIBA) की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आबू रोड स्टेशन पर की गई गहन तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डुप्लेक्स चेक वाल्व के क्षतिग्रस्त होने से निरंतर एयर लीकेज हो रही थी, जिसके परिणामस्वरूप कोच की अग्रणी ट्रॉली के दोनों एयर स्प्रिंग्स पिचक गए थे। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ट्रेन को सी एंड डब्ल्यू स्टाफ की निगरानी में 60 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से अहमदाबाद की ओर रवाना किया गया था।

प्रातः 06:30 बजे अहमदाबाद कंट्रोल कार्यालय को सूचना प्राप्त हुई कि प्रभावित कोच को अहमदाबाद स्टेशन पर ट्रेन से अलग (डिटैच) करना पड़ सकता है, जिससे यात्रियों को अत्यधिक असुविधा होती। सूचना मिलते ही अहमदाबाद मंडल के सी एंड डब्ल्यू पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी और आवश्यक उपकरणों व अतिरिक्त डुप्लेक्स चेक वाल्व के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर पूरी मुस्तैदी से तैनात हो गए। ट्रेन अपने निर्धारित समय से 62 मिनट की देरी से प्रातः 08:27 बजे अहमदाबाद स्टेशन पहुंची। रेल कर्मियों ने बिना समय गंवाए मात्र 28 मिनट के रिकॉर्ड समय में क्षतिग्रस्त वाल्व को सफलतापूर्वक बदल दिया, जिससे कोच पुनः सेवा योग्य हो गया। इस तत्परता के कारण ट्रेन को बिना किसी अतिरिक्त विलंब और कोच को अलग किए अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद, श्री वेद प्रकाश ने इस उत्कृष्ट कार्यकुशलता और सतर्कता की सराहना करते हुए संबंधित सी एंड डब्ल्यू टीम को ₹5,000 के सामूहिक पुरस्कार से नवाजने की घोषणा की है। इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल संभावित कोच डिटैचमेंट को टाला, बल्कि रेल परिचालन की समयबद्धता को भी सुरक्षित रखा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story