केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने अहमदाबाद में रेलवे की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण कर इनके निर्माण की प्रगति, आधुनिक यात्री सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजना का जायजा लिया। उन्होंने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के साथ निर्माणाधीन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समय-सीमा और परियोजनाओं के आगामी चरणों की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक (DRM) वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के CPM संजीव कुमार तथा नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के परियोजना प्रबंधक राजेश अग्रवाल सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे पहले राज्य मंत्री ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में विकसित की जा रही आधुनिक यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना, यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली।


अहमदाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त एकीकृत मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल यात्री कॉनकोर्स, एलिवेटेड रोड, बेहतर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य भारतीय रेलवे, मेट्रो और हाई-स्पीड रेल सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन अनुभव मिल सके।

इसके बाद वी. सोमन्ना ने निर्माणाधीन अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल यानी बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन निर्माण की प्रगति, आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं और परियोजना के विभिन्न घटकों की जानकारी ली। इस दौरान NHSRCL के अधिकारियों ने परियोजना की मौजूदा स्थिति और निर्माण से जुड़े प्रमुख कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित किया जा रहा अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन लगभग 38,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। यह स्टेशन मौजूदा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 10, 11 एवं 12 के ऊपर विकसित किया जा रहा है। स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म होंगे। इसकी वास्तुकला अहमदाबाद की सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित है। स्टेशन की छत को पतंगों की आकृति और बाहरी स्वरूप को प्रसिद्ध सिद्दी सैयद की जाली की डिजाइन के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

बुलेट ट्रेन स्टेशन पर आधुनिक प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष, रिटेल आउटलेट्स, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्टेशन को मौजूदा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन और कालूपुर मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मौजूदा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी तथा यात्रियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा हुई। दोनों परियोजनाओं के बीच समन्वय स्थापित करने और भविष्य में यात्रियों को एकीकृत एवं सुविधाजनक परिवहन अनुभव उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास और मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना के तहत बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण गुजरात की आधुनिक परिवहन अवसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। इनके पूर्ण होने पर अहमदाबाद में रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story