पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जून-2026 के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में वाणिज्यिक क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में मंडल ने माल राजस्व, पार्सल व्यवसाय, गैर-किराया राजस्व, यात्री सुविधाओं और टिकट जांच अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जून-2026 में मंडल ने ₹606.43 करोड़ का माल राजस्व अर्जित किया, जो कि निर्धारित लक्ष्य से 3.60 प्रतिशत और पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 13.59 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि वित्तीय वर्ष 2026-27 का अब तक का सर्वाधिक मासिक माल राजस्व है। वहीं, 30 जून 2026 को मंडल ने एक ही दिन में ₹26.58 करोड़ का माल राजस्व कमाकर नया रिकॉर्ड बनाया है।

पार्सल व्यवसाय के क्षेत्र में भी मंडल ने ₹6.19 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 7.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। भुज से बांद्रा टर्मिनस तक 22 टन आम की पार्सल सेवा से एक ही दिन में ₹1.26 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। यात्री व्यवसाय और कोचिंग के अंतर्गत जून में ₹145.58 करोड़ का राजस्व अर्जित किया गया। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मंडल ने 67 विशेष रेल सेवाएं संचालित कीं और 122 अतिरिक्त कोच जोड़े, जिससे लगभग 0.97 लाख यात्रियों को लाभ हुआ और ₹10.33 करोड़ का अतिरिक्त यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। टिकट जांच अभियान में भी मंडल ने सक्रियता दिखाते हुए ₹2.70 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष से 23.29 प्रतिशत अधिक है। स्वच्छता अभियान के तहत 1,230 एंटी-लिटरिंग मामलों में कार्रवाई कर ₹2.20 लाख का जुर्माना वसूला गया।

गैर-किराया राजस्व के लिए मंडल ने नई पहल करते हुए कांकारिया गुड्स शेड में एक्सेस-कंट्रोल्ड पार्किंग और फ्रेट एलाइड सर्विसेज के लिए 7 वर्ष का ₹20.73 करोड़ का अनुबंध प्रदान किया। इसके अलावा, गैर-प्रीमियम ट्रेनों में ट्रेन साइड वेंडिंग के लिए 3 वर्ष का ₹3.71 करोड़ का अनुबंध और ट्रेन संख्या 22961/22962 में हेडरेस्ट कवर पर विज्ञापन से ₹0.57 करोड़ का राजस्व हासिल किया। साथ ही, अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा शुरू की गई। यात्री सुविधाओं के अंतर्गत भीषण गर्मी में स्टेशन कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इन सभी प्रयासों से अहमदाबाद मंडल का सकल राजस्व ₹767.01 करोड़ तक पहुंच गया है, जो रेलवे की कार्यकुशलता को प्रदर्शित करता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story