17 अगस्त से अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस का बड़ा बदलाव, अब साबरमती SBT से चलेगी, आम्बली रोड पर मिलेगा ठहराव
17 अगस्त 2026 से अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस साबरमती SBT से संचालित होगी। आम्बली रोड को पहली बार ठहराव मिलेगा, जानिए नई समय-सारणी और बुकिंग व्यवस्था।

तस्वीर में पटरियों पर दौड़ती हुई नारंगी और सलेटी रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिखाई दे रही है।
यात्रियों की सुविधा, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और आधुनिक रेल सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में रेल मंत्रालय ने अहमदाबाद–ओखा–अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव को मंजूरी दी है। गाड़ी संख्या 22925/22926 अहमदाबाद–ओखा–अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस का टर्मिनल स्टेशन बदला गया है, समय-सारणी में संशोधन किया गया है तथा मार्ग में आम्बली रोड स्टेशन पर नया ठहराव स्वीकृत किया गया है। यह संशोधित व्यवस्था 17 अगस्त 2026 से प्रभावी होगी।
संशोधित व्यवस्था के अनुसार अब इस वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रारंभ और समापन स्टेशन अहमदाबाद के स्थान पर साबरमती (जेल साइड) SBT होगा। इसके साथ ही अहमदाबाद के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आम्बली रोड रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी प्रदान किया गया है।
नई समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 22925 साबरमती–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस 17 अगस्त 2026 से प्रतिदिन मंगलवार को छोड़कर प्रातः 06:15 बजे साबरमती से प्रस्थान करेगी। यह आम्बली रोड स्टेशन पर 06:23 बजे पहुंचेगी तथा 06:25 बजे प्रस्थान करेगी और 13:20 बजे ओखा पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 22926 ओखा–साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस ओखा से 16:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह आम्बली रोड स्टेशन पर 22:40 बजे पहुंचेगी तथा 22:42 बजे प्रस्थान करेगी और 23:10 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
इस निर्णय के साथ आम्बली रोड रेलवे स्टेशन को पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव मिलेगा। इससे शहर के पश्चिमी क्षेत्र, एस.जी. हाईवे, बोडकदेव, प्रह्लादनगर, साउथ बोपल, शेला तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, समय की बचत करने वाली और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
बुकिंग व्यवस्था के अनुसार गाड़ी संख्या 22925 अहमदाबाद–ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस की वर्तमान समय-सारणी 15 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी, जबकि गाड़ी संख्या 22926 ओखा–अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस की वर्तमान व्यवस्था 16 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी। 17 अगस्त 2026 से संशोधित समय-सारणी और नई संचालन व्यवस्था लागू होने के साथ यात्रियों को साबरमती (जेल साइड) SBT से वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
