दिवंगत रेलकर्मियों के परिवारों के लिए जेसी बैंक की बड़ी पहल, ₹44.31 लाख का ऋण माफ
जे.सी.सी.एस. बैंक की अहमदाबाद शाखा ने दिवंगत रेलकर्मियों के आश्रित परिवारों के लिए सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। बैंक ने 09 दिवंगत अंशधारकों का ₹44.31 लाख का ऋण माफ किया, ₹28.86 लाख की सीटीडी राशि का भुगतान किया तथा पात्र परिवारों को ₹50,000 की अनुग्रह सहायता प्रदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण पेश किया।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश अहमदाबाद में आयोजित सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम के दौरान दिवंगत रेलकर्मियों के आश्रित परिवार के सदस्यों को चेक और दस्तावेज सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
दिवंगत रेलकर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में जे.सी.सी.एस. बैंक (The Jackson Co-operative Credit Society Ltd.) की अहमदाबाद शाखा ने संवेदनशील और मानवीय पहल करते हुए सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता, सम्मान निधि तथा विभिन्न लाभों के चेक वितरित किए गए। साथ ही बैंक ने 09 दिवंगत अंशधारकों की कुल ₹44.31 लाख से अधिक की बकाया ऋण राशि पूर्णतः माफ करने की घोषणा की।
कार्यक्रम का आयोजन 25 जून 2026 को अहमदाबाद में किया गया। इसका उद्देश्य उन दिवंगत अंशधारकों के परिवारों के प्रति बैंक की संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पारिवारिक प्रतिबद्धता को व्यक्त करना था, जिन्होंने अपने सेवाकाल में भारतीय रेल एवं बैंक के प्रति समर्पण और निष्ठा के साथ सेवाएं प्रदान की थीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश रहे। उन्होंने दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को सम्मान निधि, आर्थिक सहायता तथा विभिन्न लाभों के चेक वितरित किए। अपने संबोधन में श्री वेद प्रकाश ने दिवंगत रेलकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय रेल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ सदैव खड़ी है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ रेलवे की सेवा की है, उनके परिवारों के प्रति रेल प्रशासन की भी समान जिम्मेदारी है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि पास, पेंशन अथवा रेल प्रशासन से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए रेल प्रशासन इन परिवारों को अपने परिवार का सदस्य मानकर हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में अनेक रेल कर्मचारी बेटी के विवाह, मकान निर्माण अथवा अन्य आवश्यकताओं के लिए निजी साहूकारों से अत्यधिक ब्याज दरों पर ऋण लेने के लिए विवश हो जाते थे, जिससे वे आर्थिक शोषण का शिकार बनते थे। ऐसे समय में जेसी बैंक ने रेल कर्मचारियों को सरल प्रक्रिया एवं कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर इस समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधन ने मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अहमदाबाद शाखा के 09 दिवंगत अंशधारकों की कुल बकाया ऋण राशि ₹44,31,782 को पूर्णतः माफ करने की घोषणा की। बैंक का यह निर्णय दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील कदम माना जा रहा है।
बैंक द्वारा दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को उनकी Compulsory Thrift Deposit (CTD) में जमा ₹28,86,275 की पूंजी का भुगतान भी किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पात्र परिवार को बैंक की ओर से ₹50,000 की अनुग्रह राशि के चेक प्रदान किए गए, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी आश्रित परिवारों को बैंक की ओर से तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह पौधा सकारात्मकता, स्वास्थ्य, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने जेसीसीएस बैंक के वर्तमान भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने बैंक के लिए आधुनिक एवं बेहतर भवन के निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जेसी बैंक अपने सदस्यों एवं उनके परिवारों के साथ सदैव एक परिवार की तरह खड़ा रहा है और भविष्य में भी सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय सेवा तथा सदस्य हितों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। दिवंगत रेलकर्मियों के आश्रित परिवारों को आर्थिक राहत, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करने की यह पहल बैंक की सामाजिक संवेदनशीलता और सदस्य कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
